झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा पेपर लीक साजिश का भंडाफोड़, 164 गिरफ्तार
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 8 hours ago
- 2 min read

रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में धांधली की साजिश रच रहे एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का रांची पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र के एक निर्माणाधीन भवन में छापेमारी कर गिरोह के पांच मुख्य सदस्यों सहित 159 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में रविवार को अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।

आधी रात छापेमारी, मचा हड़कंप
पुलिस को 11 अप्रैल को सूचना मिली थी कि एक सुनसान भवन में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी संदिग्ध गतिविधियों में जुटे हैं। देर रात छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को हिरासत में लिया और तलाशी अभियान चलाया।

10-15 लाख में तय हुआ था सौदा
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह के एजेंट अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के नाम पर 10 से 15 लाख रुपये वसूल रहे थे। उन्हें गुप्त स्थान पर रखकर लीक प्रश्न-पत्र और उत्तर रटवाए जा रहे थे। मौके से प्रश्न-उत्तर सेट, प्रिंटर, संदिग्ध मोबाइल, फटे एडमिट कार्ड, बैंक चेक और आठ वाहन बरामद किए गए हैं।

बिहार का शातिर अपराधी निकला सरगना
गिरफ्तार गिरोह का मुख्य सरगना अतुल वत्स (निवासी जहानाबाद, बिहार) है, जिसका आपराधिक इतिहास लंबा है। वह राजस्थान क्लर्क भर्ती (2017), नीट पेपर लीक (2024), बिहार CHO भर्ती (2024), यूपी RO/ARO परीक्षा (2024) और यूपी सिपाही भर्ती (2024) जैसे मामलों में भी शामिल रहा है।

नेटवर्क की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और स्थानीय एजेंटों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही जेएसएससी के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।





Comments