जामा में तेज रफ्तार ट्रक का कहर
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jan 8
- 1 min read

दुमका-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर जामा थाना क्षेत्र के बीचकोड़ा गांव के पास गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार व अनियंत्रित ट्रक (बीआर 53जी/9555) की चपेट में आने से 62 वर्षीय बुजुर्ग पुरणा सोरेन (पिता स्वर्गीय सुफल सोरेन) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि वे बस से उतरकर सड़क पार कर रहे थे, तभी ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

इलाज के दौरान अस्पताल में मौत
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए जामा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पुरणा सोरेन सोहराय पर्व मनाकर अपने गांव बीचकोड़ा लौटे थे और उसी दौरान यह हादसा हो गया।

ट्रक जब्त, कानूनी कार्रवाई जारी
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई जारी है।





Comments