चाकूबाजी से किशोर की हत्या, पथरिया में उबाल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jan 16
- 1 min read

दुमका। रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया में गुरुवार देर रात हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना में खेरबनी गांव निवासी किशोर लखींद्र सोरेन की दर्दनाक मौत के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। तातलोई मेला से लौटते समय बदमाशों द्वारा किए गए इस हमले से लोगों में भय और गुस्सा दोनों है, वहीं घटना को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

आक्रोशित ग्रामीणों ने रामगढ़–गुहियाजोरी सड़क किया जाम
शुक्रवार को आक्रोशित परिजन और ग्रामीण पथरिया के पास रामगढ़–गुहियाजोरी मुख्य सड़क पर उतर आए और सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर दर्जनों वाहन फंस गए और आवागमन ठप हो गया। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी नहीं होती और मृतक के परिजनों को मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन और सड़क जाम जारी रहेगा। शुक्रवार शाम करीब 6:45 बजे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल रहा।

किशोरी से छेड़छाड़ का विरोध बना हत्या की वजह
जानकारी के अनुसार जामा थाना क्षेत्र से किशोर डेविड और लखींद्र एक किशोरी के साथ बाइक से लौट रहे थे, तभी पथरिया के पास तीन अज्ञात युवकों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोकी और किशोरी से जबरन छेड़छाड़ की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने तीनों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में लखींद्र की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत हो गई, जबकि डेविड और किशोरी गंभीर रूप से घायल हैं और फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उनका इलाज जारी है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।





Comments