कालिका बस की रफ्तार बनी काल, स्कूटी को घसीटते ले गई दो किलोमीटर
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 4 days ago
- 2 min read

दुमका–हंसडीहा मुख्य मार्ग पर जामा थाना क्षेत्र के लकड़ा पहाड़ी गांव के पास रविवार सुबह करीब नौ बजे एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। भागलपुर से दुर्गापुर जा रही कालिका बस ने दुमका की ओर से आ रही लूना स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद भी नहीं रुकी बस, घसीटते ले गया चालक
टक्कर के बाद स्कूटी बस के नीचे फंस गई, लेकिन चालक ने बस रोकने के बजाय स्कूटी को करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए महारो गांव तक ले गया। वहां बस खड़ी कर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार बस के नीचे फंसी स्कूटी से चिंगारी और धुआं निकल रहा था, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

मृतक की पहचान, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान राजकिशोर दास, पिता सहदेव दास, निवासी कुरूमटांड़ गांव, नवाडीह पंचायत, जामा प्रखंड के रूप में हुई है। घटना की सूचना मुखिया राजू पुजहर और ग्रामीणों ने जामा थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बस और स्कूटी जब्त, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और स्कूटी को जब्त कर थाना लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

दूसरी घटना: स्पीड ब्रेकर बना हादसे की वजह, युवती गंभीर घायल
इधर रविवार शाम दुमका–सिउड़ी मुख्य पथ पर पीएम श्री स्कूल कुमिरदहा के पास स्पीड ब्रेकर पार करने के दौरान स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया, जिससे चार लोग सड़क पर गिर पड़े। स्कूटी पर दो युवक और दो युवतियां सवार थे, जो मसानजोर की ओर जा रहे थे। इस हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया गया कि सभी पश्चिम बंगाल के सिउड़ी के रहने वाले हैं और स्थानीय रास्तों से अनजान थे। स्पीड ब्रेकर का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण यह हादसा हुआ, वहीं एक बाइक चालक भी मामूली रूप से इसकी चपेट में आ गया।









Comments