top of page

काठीकुंड छात्रा हत्याकांड का खुलासा, मृतका की सहेली का पिता निकला हत्यारा

7 hours ago
3 min read

500 लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को मिली सफलता

दुमका/निज संवाददाता। काठीकुंड थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मृतका की सहेली के पिता शिशु टुडू को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि मामले की जांच के दौरान आसपास के गांवों में छानबीन कर करीब 500 लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान किया। इसी दौरान शिशु टुडू पर संदेह हुआ और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

चेहरे पर चोट के निशान से गहराया संदेह

एसपी के अनुसार, घटना के समय किसी ग्रामीण ने वारदात को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा था। झाड़ियों वाले खुले क्षेत्र में घटना होने और शुरुआत में प्रत्यक्ष सुराग नहीं मिलने के कारण पुलिस के लिए मामला चुनौतीपूर्ण था। जांच के दौरान आसपास के 3-4 गांवों के लोगों से पूछताछ की गई और घटना के दिन संदिग्ध लोगों की मौजूदगी का सत्यापन किया गया। इसी क्रम में शिशु टुडू के चेहरे पर चोट और दाग के निशान मिलने पर पुलिस का संदेह गहराया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया और घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाए गए हैं।

मौका देखकर छात्रा को धान के खेत में ले जाने का आरोप

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मृतका के गांव के पास के गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, आरोपित की छात्रा पर गलत नजर थी और वह मौके की तलाश में रहता था। घटना के दिन हल्की बूंदाबांदी हो रही थी और खेतों में काम करने वाले तथा मवेशी चराने वाले लोग घर लौट चुके थे। आरोप है कि इसी दौरान उसने छात्रा के साथ गलत करने का प्रयास किया। छात्रा के विरोध करने पर धक्का-मुक्की हुई और आरोपित उसे पकड़कर पास के धान के खेत में ले गया, जहां उसके साथ कथित दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, छात्रा आरोपित को पहचानती थी, इसलिए पकड़े जाने के डर से उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को पास की झाड़ियों में छिपाकर भाग गया। ये घटनाक्रम पुलिस की जांच और आरोपित के कथित बयान पर आधारित हैं।

घटना के समय पहने कपड़े जब्त, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए बताए जा रहे हरे-सफेद रंग के चेकदार टी-शर्ट, नीले रंग का अंतर्वस्त्र और भूरे रंग का चेकदार गमछा जब्त किया है। एसपी ने बताया कि विशेष जांच दल के साथ विधि-विज्ञान प्रयोगशाला और तकनीकी शाखा की टीम ने भी जांच में सहयोग किया। पुलिस के अनुसार, अब तक के अनुसंधान में वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का साक्ष्य नहीं मिला है और शिशु टुडू ने अकेले घटना को अंजाम दिया। हालांकि, मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे जांच के निष्कर्षों को और समर्थन मिलने की उम्मीद है।

आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी, त्वरित सुनवाई पर जोर

एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि यह एक अंधा मामला था, क्योंकि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया था। पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ, संदिग्धों की पहचान और वैज्ञानिक जांच के जरिए मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपित के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस मामले की त्वरित सुनवाई कराने और दोष सिद्ध होने पर कानून के तहत अधिकतम सजा दिलाने के लिए आगे की कार्रवाई करेगी।

चार बच्चों का पिता है गिरफ्तार आरोपित

पुलिस के अनुसार, शिशु टुडू विवाहित है और उसके चार बच्चे हैं। उसकी पत्नी काम के सिलसिले में दूसरे राज्य गई हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्यों को संकलित करने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है। काठीकुंड थाना क्षेत्र में छात्रा की हत्या के बाद से लोगों में आक्रोश था और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन हुए थे। गिरफ्तारी के बाद अब मामले की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और न्यायालय में होने वाली आगे की कार्रवाई पर लोगों की निगाहें टिकी हैं।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page