top of page

एसपी बोले- शिशु टुडू ने अकेले दिया वारदात को अंजाम

16 minutes ago
3 min read

गिरफ्तारी की मांग वाले आंदोलन में भी शामिल था आरोपित

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शिशु टुडू मृतका की सहेली का पिता है और उसकी बेटी भी उसी स्कूल में पढ़ती है, जहां छात्रा पढ़ती थी। जांच में सामने आया कि आरोपित मृतका को पहचानता था और पहचान उजागर होने के डर से उसने कथित तौर पर हत्या की। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से पहले वह आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हुए सड़क जाम और आंदोलन में भी शामिल था, ताकि किसी को उस पर शक नहीं हो। एसपी ने कहा कि अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर वारदात में उसकी अकेले की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस मामले की त्वरित सुनवाई कराकर दोष सिद्ध होने पर कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने का प्रयास करेगी।

खून के धब्बे वाला गमछा, टी-शर्ट और अंतर्वस्त्र जब्त

दुमका। काठीकुंड में नौवीं कक्षा की 14 वर्षीय आदिवासी छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार शिशु टुडू ने अकेले वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि अब तक के अनुसंधान में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का साक्ष्य नहीं मिला है। एसआईटी ने आसपास के 3-4 गांवों में पूछताछ, संदिग्धों की गतिविधियों के सत्यापन और वैज्ञानिक व तकनीकी जांच के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं। पुलिस के अनुसार, आरोपित के चेहरे पर चोट के निशान मिलने के बाद उस पर संदेह गहराया। उसकी निशानदेही पर खून के धब्बे वाला गमछा, टी-शर्ट और अंतर्वस्त्र जब्त किए गए हैं। पुलिस आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी कर रही है, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

पीड़ित परिवार को मिला 5 लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा

काठीकुंड छात्रा हत्याकांड में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दुमका ने पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये का अंतरिम मुआवजा प्रदान किया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यकारी अध्यक्ष एवं झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद तथा झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना के निर्देश पर यह पहल की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष सुधांशु कुमार शशि ने मामले का संज्ञान लेते हुए डालसा सचिव विवेक कुमार को पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार और अन्य संबंधित अधिकारियों की बैठक में परिवार को शीघ्र राहत देने पर विचार किया गया। बैठक के बाद परिवार को 5 लाख रुपये का चेक सौंपा गया।

अभाविप ने कैंडल मार्च निकालकर कठोर सजा की मांग की

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की दुमका इकाई ने काठीकुंड छात्रा हत्याकांड के विरोध में सोनुवाडंगाल स्थित कोचिंग स्थल से रसिकपुर चौक तक कैंडल मार्च निकाला। छात्र नेताओं और कोचिंग संचालकों ने पीड़िता को न्याय दिलाने, निष्पक्ष जांच और दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग की। विभाग संयोजक अभिषेक गुप्ता ने कहा कि जांच केवल एक आरोपित तक सीमित नहीं रहनी चाहिए और किसी अन्य की संलिप्तता की आशंका हो तो उसकी भी पड़ताल होनी चाहिए। जिला संयोजक संजय पाल ने घटना को महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। मार्च में हिमांशु दुबे, अमन शाह, केशव मिश्रा, अमन सेन, आदित्य जोशी, सुनीता कुमारी, पूजा कुमारी, नेहा कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

शिकारीपाड़ा में स्टूडेंट यूनियन ने निकाला पैदल न्याय मार्च

काठीकुंड की घटना के विरोध में सूरज कुमार के नेतृत्व में स्टूडेंट यूनियन ने शिकारीपाड़ा में पैदल न्याय मार्च निकाला। यूनियन ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों को कठोर सजा, काठीकुंड थाना प्रभारी की भूमिका की पड़ताल और लापरवाही प्रमाणित होने पर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा घटना के दिन संबंधित क्षेत्र में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच, पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता और क्षेत्र में पुलिस गश्त मजबूत करने की मांग उठाई गई। मार्च में समी बेसरा, अनीता मरांडी, सुंदरी हेंब्रम, सुमित मरांडी, संतों मुर्मू, सुभाषिनी टुडू, सुनीता भंडारी, नयन मनी हांसदा, दुलार मुर्मू, रोशन टुडू, रामायण राई, मुन्ना सोरेन सहित कई लोग शामिल हुए।

पुलिस कार्रवाई के बाद पीड़ित परिवार से मिली भाजपा की टीम

मंगलवार को भाजपा की प्रदेशस्तरीय टीम पीड़ित परिवार से मिलने उसके गांव पहुंची। टीम में पूर्व कृषि मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व सांसद सह प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन, जमुआ की विधायक मंजू वर्मा, शिकारीपाड़ा विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी परितोष सोरेन, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष फारूक अनवर, रामकृष्ण हेंब्रम, जिला महामंत्री विमल मरांडी और संतोष सोरेन सहित अन्य नेता शामिल थे। भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करने की बात कही। छात्रा की हत्या के बाद से विभिन्न संगठनों की ओर से लगातार निष्पक्ष जांच, परिवार को सहायता और दोषियों को कठोर सजा देने की मांग उठाई जा रही है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page