अलग-अलग हादसों में 2 की मौत, 3 युवक घायल
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 2 days ago
- 2 min read

दुमका। दुमका जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को हुए हादसों में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 युवक घायल हो गए। रामगढ़ में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया और ट्रक के पहिये के नीचे फंस गया। शिकारीपाड़ा में बाइक और साइकिल की टक्कर में 2 लोग घायल हुए। वहीं गोपीकांदर में धान के खेत से अधेड़ का शव बरामद हुआ, जबकि जामा में पोल पर मोटर लगाने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत हो गई।

ट्रक की चपेट में आने से राहगीर गंभीर
दुमका-भागलपुर मुख्य पथ पर रामगढ़ थाना क्षेत्र के भतुरिया गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे पैदल चल रहे राहगीर आनंद चालक (50) को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह ट्रक के नीचे फंस गए और उनके पैर में गंभीर चोट आई। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अपनी जीप से फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बाइक और साइकिल की टक्कर में 2 घायल
शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कुशबाना गांव के समीप बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार और बाइक सवार सुनील मरांडी घायल हो गए। झीलीडाबर गांव निवासी साइकिल सवार सामान खरीदने शिकारीपाड़ा हाट आया था, जबकि सुनील मरांडी फुटबॉल मैच देखने आया था। पुलिस ने दोनों घायलों को शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां साइकिल सवार की स्थिति गंभीर बताई गई है।

धान के खेत से मिला अधेड़ का शव
गोपीकांदर थाना क्षेत्र के सुरजुडीह गांव में शुक्रवार सुबह धान के खेत से करीब 45 वर्षीय करण मुर्मू उर्फ मांझी का शव बरामद हुआ। खेत में घास निकालने गई महिलाओं ने शव देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के बड़े बेटे अगस्टिन मुर्मू ने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की। परिजनों के अनुसार करण मुर्मू बुधवार शाम खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे। पुत्र के आग्रह पर पुलिस ने पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

पोल में मोटर लगाने के दौरान करंट से मौत
जामा थाना क्षेत्र के भैरपुर गांव में पोल में मोटर लगाने के दौरान बिजली की चपेट में आने से 27 वर्षीय रविंद्र राऊत की मौत हो गई। बताया गया कि काम करने के दौरान अचानक बिजली के संपर्क में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है।





Comments