top of page

अपहरण की झूठी सूचना से टूटा साइबर ठगी का जाल, सरैयाहाट में बड़ा खुलासा

सरैयाहाट थाना क्षेत्र में 19 जनवरी की शाम एक युवक के अपहरण की सूचना के बाद पुलिस को साइबर ठगी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता मिली। नाविर दास द्वारा थाना में दी गई सूचना के अनुसार उनका 19 वर्षीय पुत्र निरंजन दास को टाटा पंच कार से जबरन ले जाया गया था। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस जब कोठिया गांव पहुंची तो संदिग्ध टाटा पंच कार (JH15AE-3306) रोशन शर्मा के घर के सामने खड़ी मिली, जिसमें रोशन शर्मा और हिरो रजक बैठे हुए पाए गए। पूछताछ में मामला साइबर ठगी से जुड़ा निकला, जिसमें कमीशन के लालच में कई लोगों को शामिल किया गया था।

50 हजार की साइबर ठगी, खाते, एटीएम और स्कैनर से निकासी का पूरा खेल

गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि करण कुमार नामक युवक साइबर ठगी के जरिए अलग-अलग खातों में पैसा डलवाता था। इसी कड़ी में निरंजन दास और उसके ममेरा भाई टुवन दास के एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये की साइबर ठगी की रकम डलवाई गई। इसके बाद एटीएम और मोबाइल स्कैनर के जरिए 10 हजार नकद और 25 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर किए गए। शेष राशि निकालने की योजना चल ही रही थी कि पुलिस सक्रिय हो गई। पूरे घटनाक्रम में सभी आरोपियों ने अपनी भूमिका स्वीकार की और बताया कि कमीशन के बदले इस गिरोह में काम किया जा रहा था।

छापेमारी, पुलिस पर हमला और छह आरोपी गिरफ्तार, गाड़ी व मोबाइल जब्त

20 जनवरी की सुबह पुलिस ने मुख्य आरोपी करण कुमार को घघरी गांव से नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया, जहां उसकी मां और रिश्तेदारों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा भी डाली। बावजूद इसके पुलिस ने करण कुमार को हिरासत में लिया। मामले में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें रोशन शर्मा, हिरो रजक, टुवन दास, करण कुमार, निरंजन दास और चंद्रशेखर मंडल शामिल हैं। पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, टाटा पंच कार और 5,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव के नेतृत्व में बड़ी पुलिस टीम शामिल रही।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page