अंडर-19 टीम में चयन के नाम पर 1 करोड़ की ठगी मामले का आरोपी गिरफ्तार; ठगी का शिकार हुए शिक्षक बुलबुल कुमार की हो चुकी है मौत।
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 13 hours ago
- 1 min read

6 माह बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा
दुमका। जिले में अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन और रणजी ट्रॉफी खिलाने के नाम पर 1 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने आरोपी किसलय पल्लव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला नगर थाना कांड संख्या 185/25 के तहत दर्ज किया गया था।

शिक्षक से किस्तों में ली गई थी भारी रकम
मामले में जामा प्लस टू उच्च विद्यालय के शिक्षक बुलबुल कुमार ने 12 अक्टूबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि बख्शी बांध निवासी किसलय पल्लव ने उनके बेटे आशुतोष आनंद को अंडर-19 टीम और रणजी ट्रॉफी में चयन कराने के नाम पर 50 लाख नकद और 50 लाख ऑनलाइन सहित कुल 1 करोड़ रुपये ठग लिए।

फर्जी बीसीसीआई लेटर देकर किया गया झांसा
आरोपी ने बीसीसीआई के नाम से फर्जी लेटर भी दिया था, जिसमें चयन की बात लिखी थी और लोगो भी लगा हुआ था। बाद में जांच करने पर पता चला कि लेटर पूरी तरह नकली है और खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ है, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।

तनाव के बीच शिक्षक की हो गई मौत
इस मामले का दुखद पहलू यह है कि ठगी और मानसिक तनाव के कारण शिक्षक बुलबुल कुमार की 17 जनवरी को मौत हो गई। आरोपी की गिरफ्तारी से पहले ही पीड़ित की मृत्यु हो चुकी थी।

पुलिस जांच के बाद हुई गिरफ्तारी
मामले की जांच के बाद पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।





Comments