अपडेट न्यूज़: एसआई ओर कॉन्स्टेबल को रौंदते हुए चला गया स्कार्पियो
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Dec 31, 2025
- 2 min read

दुमका | शिकारीपाड़ा
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चायपानी जंगल के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सब-इंस्पेक्टर हेमन्त भगत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल देवकी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहले दो ट्रकों की हुई थी टक्कर
जानकारी के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले स्टोन चिप्स लदे दो ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में दोनों ट्रकों के चालक और खलासी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

घायलों को अस्पताल पहुंचाकर लौटे थे ड्यूटी पर
सब-इंस्पेक्टर हेमन्त भगत ने तत्परता दिखाते हुए चारों घायलों को अपनी सरकारी जीप से शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और भर्ती कराया। इसके बाद वे कांस्टेबल के साथ दोबारा घटनास्थल पर लौटे, ताकि दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से साइड कर यातायात बहाल किया जा सके।
अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने रौंदा
इसी दौरान दुमका की ओर से रामपुरहाट जा रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो (बिहार नंबर प्लेट) ने सड़क पर ड्यूटी कर रहे एसआई हेमन्त भगत और कांस्टेबल देवकी प्रजापति को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एसआई हेमन्त भगत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल कांस्टेबल रेफर, विभाग में शोक
गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल देवकी प्रजापति को बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतक एसआई हेमन्त भगत लोहरदगा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि घायल कांस्टेबल गुमला जिले के रहने वाले हैं।
घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




Comments