एसकेएमयू में 142 स्नातक प्रशिक्षुओं के लिए आवेदन आमंत्रित
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 2 hours ago
- 1 min read

दुमका। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय द्वारा 142 स्नातक प्रशिक्षुओं के चयन हेतु विज्ञापन जारी किया गया है। इस योजना के तहत झारखंड के किसी भी विश्वविद्यालय या कॉलेज से वर्ष 2021 से 2025 के बीच स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। चयन केवल स्नातक में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।

एक वर्ष का प्रशिक्षण, 12,000 रुपये मासिक स्टाइपेंड
चयनित अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय मुख्यालय एवं अंगीभूत महाविद्यालयों में एक वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक प्रशिक्षु को 12,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा और प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और तिथि निर्धारित
चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदन 20 अप्रैल से 5 मई तक किया जा सकेगा। अभ्यर्थियों को पहले नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा, फिर झारखंड सरकार के अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर आवेदन करना होगा।

योग्यता के अनुसार पदों का निर्धारण
सामान्य शाखा के लिए किसी भी विषय से स्नातक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जबकि लेखा अनुभाग के लिए बीकॉम, बीए (अर्थशास्त्र), बीबीए या बीएससी (सांख्यिकी) अनिवार्य है। पुस्तकालय पद के लिए बीलिब योग्यता आवश्यक रखी गई है। एक से अधिक पदों के लिए अलग-अलग आवेदन करना होगा।

स्थायी नौकरी नहीं, केवल प्रशिक्षण का अवसर
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह स्थायी नौकरी नहीं है, बल्कि एक वर्ष का प्रशिक्षण कार्यक्रम है। इसके तहत स्थानीय छात्रों को व्यावहारिक अनुभव मिलेगा और विश्वविद्यालय के गैर-शैक्षणिक कार्यों में भी सहयोग मिलेगा, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।





Comments