13 से 20 फरवरी तक आयोजित होगा राजकीय हिजला मेला

दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में राजकीय हिजला मेला के आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेला की तिथि में संशोधन करते हुए आगामी 13 से 20 फरवरी तक आयोजन करने का निर्णय लिया गया। पहले हिजला मेला का आयोजन 20 से 27 फरवरी तक निर्धारित किया गया था पर नगर निकाय का चुनाव 27 फरवरी को तय किये जाने के कारण तिथि को बदलना पड़ा। बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि मेला के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की पारंपरिक कला और लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि पुलिस अधीक्षक, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी समेत अन्य वरीय पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहे।




Comments