उड़ीसा की अमित ब्रदर्स बनीं सारजोम बेड़ा फुटबॉल चैंपियनशिप की विजेता

दुमका, संवाददाता।
दुमका के बिरसा मुंडा आउटडोर स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय सारजोम बेड़ा फुटबॉल चैंपियनशिप का खिताब उड़ीसा की अमित ब्रदर्स, बोंडामुंडा ने अपने नाम कर लिया। रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में अमित ब्रदर्स ने लिंडा ब्रदर्स, रांची को 1-0 के मैदानी गोल से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मैच में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्णायक गोल के साथ अमित ब्रदर्स ने जीत सुनिश्चित की।

विजेता टीम को मुख्य अतिथि जामा विधायिका डॉ. लुईस मरांडी द्वारा 5 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता लिंडा ब्रदर्स, रांची को 4 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में फाइनल मुकाबले के दौरान जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
इससे पूर्व खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में लिंडा ब्रदर्स, रांची ने एसएसबी, तालबांध (बीरभूम, पश्चिम बंगाल) को 1-0 से हराया। इस मैच में सुमित उरांव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया और उन्हें 2 हजार रुपये नगद व मोमेंटो प्रदान किया गया। दूसरे सेमीफाइनल में अमित ब्रदर्स, बोंडामुंडा ने राइजिंग संथाल एफसी, कोलकाता को 3-1 से पराजित किया, जिसमें रहीम अली को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

टूर्नामेंट के समापन पर व्यक्तिगत पुरस्कारों का भी वितरण किया गया। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अमित ब्रदर्स, बोंडामुंडा के एडविन तिर्की को 25 हजार रुपये नगद के साथ दिया गया। बेस्ट गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार अमित ब्रदर्स के विक्की तिर्की को 6 हजार रुपये नगद प्रदान किया गया। वहीं हाईएस्ट स्कोरर ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान कुलीबुली एवं अब्दुल को संयुक्त रूप से 6 हजार रुपये नगद देकर किया गया।

समापन समारोह में विशेष लकी ड्रा का भी आयोजन हुआ, जिसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में स्कूटी, जबकि द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में एलईडी टीवी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो जिला अध्यक्ष शिव कुमार बास्की समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का सम्मान किया और सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, दर्शकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




Comments