15 अगस्त व 26 जनवरी ही नहीं प्रतिदिन शहर को रखें साफ सुथरा
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jul 9, 2025
- 2 min read

स्वतंत्रता दिवस पर दुमका में राज्यपाल फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
दुमका। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में 09 जुलाई को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर पहली बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में राज्यपाल मुख्य अतिथि होंगे, जो सुबह 9 बजे दुमका के पुलिस लाइन मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी तैयारियाँ समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने मंच पर प्रोटोकॉल के अनुसार बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने, नगर की साफ-सफाई एवं साज-सज्जा को प्राथमिकता देने तथा चौक-चौराहों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि केवल 15 अगस्त और 26 जनवरी ही नहीं बल्कि प्रतिदिन शहर में बेहतर साफ सफाई करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अंबेडकर गोलंबर और वीर कुंवर सिंह चौक के फौवारा को चालु करने और उसे नियमित रूप से चालु करने का आदेश दिया।

पुलिस लाईन मैदान में परेड के लिए बनेगा ट्रैक
दुमका। परेड मैदान में जलजमाव की समस्या न हो, इसके लिए उपायुक्त ने मैदान को समतल करने का निर्देश दिया। साथ ही, प्रेस प्रतिनिधियों एवं आमजन की बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, बायो-टॉयलेट, अग्निशमन वाहन की तैनाती सहित अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि वहां मार्च पास्ट वाली सड़क को बनाने का टेंडर हो चुका है यदि संभव हुआ तो उसे इसी बार तैयार कर लिया जोयगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि इस बार परेड में 14 प्लाटून के साथ स्काउट एवं गाईड का प्लाटून भी हिस्सा लेगा।

बाइपास सड़क के गड्ढों को भरने का डीसी ने दिया निर्देश
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बैठक के दौरान दुधानी से गांधी मैदान तक सड़क में बने गड्ढों को दुरूस्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को हाईवे ऑथिरिटी से समन्वय कर इस सड़क के हिस्से को दुरूस्त करवाने को कहा। इसके अलावा डीसी ने वीर कुंवर सिंह चौक से गांधी मैदान के बीच इंस्पेक्टर कार्यालय के बीच के सड़क की मरम्मति करने और राजभवन से हवाई अड्डा तक के सड़क व एक जोरिया की मरम्मति करने का भी निर्देश दिया।






Comments