top of page

दुमका में तेज रफ्तार का कहर: दो बाइक की भीषण टक्कर में युवक की मौके पर मौत


दुमका जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र के खरौनी–दुर्गापुर मुख्य मार्ग स्थित कारीपहाड़ी के पास तेज रफ्तार ने फिर जान ले ली। दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार युवक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी सवार दूर जा गिर पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को गोपीकांदर सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बदरू देहरी, निवासी जीतपुर, को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दुमका रेफर किया गया।


हाट से लौट रहे थे युवक, दवा लेने जा रहे भाई-बहन—बीच सड़क भिड़ीं बाइकें


बताया गया कि एक बाइक पर बदरू देहरी, राजकुमार मड़ैया और 12 वर्षीय संतोष देहरी सवार होकर खरौनी हाट से जीतपुर लौट रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर प्रमोमिला मुर्मू और उसका भाई जोगेश मुर्मू दवा लेने खरौनी जा रहे थे। कारीपहाड़ी डाउन के पास दोनों बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसा गोपीकांदर और पाकुड़िया थाना सीमा क्षेत्र के पास हुआ, जिससे शुरुआती स्तर पर क्षेत्राधिकार को लेकर भी भ्रम की स्थिति बनी रही।


रानीश्वर हादसे में बढ़ा मौत का आंकड़ा, घायल युवक ने भी तोड़ा दम


रानीश्वर प्रखंड के आसनबनी वन कार्यालय के पास गुरुवार को हुए दो बाइकों की टक्कर वाले हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। पहले दो युवकों की मौके पर ही मौत हुई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक ठाकुर मरांडी (18 वर्ष), निवासी पुतका गांव, ने सिउड़ी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतकों जागू हांसदा और श्यामचांद हेमराम के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। इस भीषण हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।


नाम में गड़बड़ी से बढ़ी उलझन, इलाज के दौरान हुई पहचान स्पष्ट


सीएचसी से रेफर किए गए घायल युवक का नाम प्रारंभ में गलत दर्ज हो गया था, जिससे पहचान को लेकर भ्रम पैदा हुआ। बाद में स्पष्ट हुआ कि घायल का सही नाम ठाकुर मरांडी है, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हुई। थाना प्रभारी ने पुष्टि करते हुए कहा कि रिकॉर्ड सुधार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


पहरुडीह में भी भिड़ीं बाइकें, एक सवार का पैर टूटा—दूसरा चालक फरार


इधर दुमका–सिउड़ी मुख्य मार्ग पर शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के पहरुडीह के पास भी दो बाइकों की टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अशोक मिर्धा (45 वर्ष), निवासी शिलाजुड़ी, का पैर टूट गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि तेज रफ्तार बाइक सवार टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।

 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page