बड़ी खबर: जामताड़ा के 6 मजदूरों का तमिलनाडु में अपहरण
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jul 21, 2025
- 2 min read

गर्दन पर चाकु रखकर अपराधियों ने मांगे 2.5 लाख फिरौती
मंत्री इरफान अंसारी ने मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए सीएस व डीजीपी को दिया निर्देश
दुमका। संथाल परगना प्रमंडल के जामताड़ा जिला के नारायणपुर प्रखंड के 6 मजदूरों का तमिलनाडु में अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ता मजदूरों के गले पर चाकु लगा कर वीडियो कॉल कर के परिवार से फिरौती की मांग कर रहे हैं। इनमें से हर एक मजदूर की गर्दन पर चाकू रखकर धमकी देते हुए 2.5 लाख रुपये की मांग की गई है। डर के मारे परिवारवालों ने 30,000 रुपये की पहली किस्त भेज भी दी हैं। अपहृत मजदूरांें में इरफान अंसारी, जहीर अंसारी, अरबाज अंसारी, किस्मत अंसारी, इरशाद अंसारी और उलफ़त अंसारी शामिल हैं। ये सभी पिछले कुछ दिनों से तमिलनाडु में काम कर रहे थे। जामताड़ा के विधायक और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डाक्टर इरफान अंसारी ने इस घटना को लेकर झारखण्ड के मुख्य सचिव (सीएस) और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बात कर तमिलनाडु डीजीपी से समन्वय बना कर इन मजदूरों को सुरक्षित झारखण्ड वापस लाने का निर्देश दिया है।

जरूरत पड़ी तो मैं जाउंगा तमिलनाडु: इरफान अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री डाक्टर इरफान अंसारी ने कहा है कि यदि जरूरत पड़ी तो वह तमिलनाडु राज्य जाएंगे और जामताड़ा के जिन छह मजदूरों को वहां अगवा किया गया है, उन्हें अपराधियों के चंगुल से छुड़कर वापस जामताड़ा लेकर आएंगे। मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, ‘‘यह बहुत बड़ी घटना है। घटना को लेकर मेरी झारखण्ड के सीएस और डीजीपी से बात हुई है। मैं पीड़ित परिवार से लगातार संपर्क में हुं। मैंने कहा है कि भयभीत नहीं होना है। हमारे बच्चे हैं। वे गरीबी के कारण मजदूरी करने बाहर गये हैं जिनका किडनैपिंग कर लिया गया है। झारखण्ड से मजदूर जिन राज्यों में जाते हैं और जो उन्हें लेकर जाते हैं, वे क्या कर रहे हैं। उस राज्य के सीएम और डीजीपी को देखना चाहिये। जान माल की रक्षा वहां की सरकार करती है। हमने निर्देश दिया है कि हमारे बच्चों को सकुशल वापस लाया जाये।’’









Comments