स्कूल में छात्रा से छेड़खानी का आरोप, पारा शिक्षक पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा,
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Mar 18
- 1 min read

उत्क्रमित मध्य विद्यालय खरना का मामला
दुमका। सरैयाहाट प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय खरना में एक पारा शिक्षक पर छात्रा के साथ छेड़खानी का गंभीर आरोप सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

छात्रा ने परिजनों को सुनाई आपबीती
जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्रा ने कुछ दिन पहले अपने साथ हुई घटना की जानकारी घरवालों को दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग विद्यालय पहुंच गए।

आरोपी शिक्षक की ग्रामीणों ने की पिटाई
गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी पारा शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसे बाद में स्थानीय बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों के हस्तक्षेप से शांत कराया गया।

परिजनों ने अब तक दर्ज नहीं कराई लिखित शिकायत
छात्रा के परिजनों ने बताया कि लोक-लज्जा के कारण उन्होंने अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल जैसे स्थान पर इस तरह की घटना बेहद चिंताजनक है और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।





Comments