top of page

स्कूटी पर पत्नी संग दुमका के मसानजोड़ डैम घूमने पहुंचे सिंगर अरिजीत सिंह

Updated: Nov 7, 2025

मशहूर गायक ने अपनी सादगी से जीता फैंस का दिल

दुमका। अपनी रुहानी आवाज़ से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर गायक अरिजीत सिंह एक बार फिर अपनी सादगी भरे अंदाज़ से सुर्खियों में हैं। वे अपनी पत्नी कोयल रॉय के साथ स्कूटी पर बैठकर दुमका के मसानजोड़ डैम घूमने पहुंचे। आम जिंदगी जीने में यकीन रखने वाले अरिजीत को जब स्थानीय युवाओं ने पहचाना, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए उनके साथ फोटो खिंचवाई। सादगी और विनम्रता से भरे इस लम्हे ने सभी का दिल जीत लिया।

ग्वाल शिमला इलाके में स्कूटी पर नजर आए अरिजीत और कोयल

सूत्रों के अनुसार, अरिजीत सिंह अपनी पत्नी के साथ मसानजोड़ के ग्वाल शिमला इलाके में अपने स्कूटी (निबंधन सं0- डब्ल्यूबी-58बीआर/2403) पर मास्क लगाकर घूमते देखे गए। वह सामान्य कपड़ों में थे और बिल्कुल आम लोगों की तरह सड़कों पर घूम रहे थे। दरअसल, अरिजीत दुमका के प्राकृतिक सौंदर्य, जंगलों और ग्रामीण जीवन को नज़दीक से महसूस करना चाहते थे। इसी कारण उन्होंने बिना किसी तामझाम के यह यात्रा की और अपनी पत्नी के साथ मसानजोड़ का आनंद लिया।

फैंस बोले यही है असली स्टार

मसानजोड़ से सामने आई तस्वीरों में अरिजीत सिंह को स्थानीय युवाओं के साथ फोटो खिंचाते और मुस्कुराते हुए देखा गया। फैंस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अरिजीत अपनी आवाज़ के साथ-साथ अपनी जमीन से जुड़ी सादगी से भी सबका दिल जीत लेते हैं। यह पहला मौका नहीं है जब वे आम आदमी की तरह नजर आए हों कृ इससे पहले 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने मुर्शिदाबाद में स्कूटी से जाकर मतदान किया था, जो खूब वायरल हुआ था।

जमीन से जुड़े हैं ‘तुम ही हो’ फेम अरिजीत

अरिजीत सिंह का जन्म मुर्शिदाबाद के जियागंज में एक पंजाबी सिख पिता कक्कड़ सिंह और बंगाली मां अदिति सिंह के घर हुआ था। उन्होंने 2005 में रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से अपने करियर की शुरुआत की, लेकिन असली पहचान 2013 में आई फिल्म ‘आशिकी 2’ के सुपरहिट गीत ‘तुम ही हो’ से मिली। इसके बाद उनके कई गाने जैसे ‘चन्ना मेरेया’, ‘फिर भी तुमको चाहूंगा’, ‘राब्ता’, ‘आयत’ आदि चार्टबस्टर साबित हुए।

कौन हैं अरिजीत सिंह की पत्नी कोयल रॉय?

अरिजीत की पत्नी कोयल रॉय उनकी बचपन की दोस्त हैं, जिनसे उन्होंने 2014 में शादी की थी। यह उनकी दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी कोयल सिंह थीं, जिनसे 2013 में विवाह के बाद जल्द ही तलाक हो गया था। अरिजीत अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक करने से बचते हैं और हमेशा अपनी फैमिली लाइफ को मीडिया की नजरों से दूर रखते हैं।

सादगी है अरिजीत की पहचान

एक सिलेब्रिटी होने के बावजूद अरिजीत सिंह हमेशा आम आदमी की तरह जीवन जीते हैं। कभी स्कूटी चलाते, कभी बच्चों के साथ खेलते या स्थानीय लोगों से सहजता से मिलते हुए देखे जाते हैं। यही सादगी और विनम्रता उन्हें दूसरों से अलग बनाती है। दुमका के मसानजोड़ डैम की इस यात्रा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अरिजीत सिंह न केवल अपनी आवाज़ से, बल्कि अपने व्यवहार से भी लोगों के दिलों पर राज करते हैं।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page