top of page

साड़ी पहनकर घर से निकली, लेकिन शव नाइटी में मिला

संदिग्ध परिस्थिति में पाकुड़िया की महिला की मौत, अस्पताल में छोड़ा गया था शव

दुमका। दुमका जिले में एक हैरान कर देने वाली मौत का मामला सामने आया है। पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के राजदाहा गांव की 45 वर्षीय ममता देवी की मंगलवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। खास बात यह है कि महिला घर से साड़ी पहनकर निकली थी लेकिन अस्पताल में मिला शव नाइटी में था, जिससे मामले की रहस्यपूर्ण स्थिति और गहरी हो गई है।

युवक ने अस्पताल में छोड़कर भागा, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात एक अज्ञात युवक ममता देवी को गंभीर हालत में दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा। जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद युवक अस्पताल में शव छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी है।

बेटी को युवक ने दी मौत की जानकारी

घटना के बाद उस युवक ने ममता देवी की बेटी अन्नू कुमारी को फोन कर बताया कि उसकी मां की मौत हो गई है और शव अस्पताल में रखा है। बेटी सुबह अस्पताल पहुंची और वहां अपनी मां का शव देखकर स्तब्ध रह गई। बेटी के मुताबिक ट्रू-कॉलर पर युवक का नाम ‘अजीत’ दिख रहा था, लेकिन फोन कॉल के कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

जांच कराने की बात कहकर घर से निकली थीं महिला

अन्नू कुमारी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां सोमवार को दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच कराने के लिए घर से निकली थीं। वह पहले भी कई बार अकेले अस्पताल आ चुकी थीं, इसलिए किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन शव में कपड़े बदल जाने और युवक की संदिग्ध भूमिका ने पुलिस को जांच के कई बिंदुओं पर सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।

नगर थाना पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना पर नगर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस युवक की पहचान, महिला की मौत के कारण और कपड़ों के बदलने की वजह सहित कई पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पूरा मामला संदिग्ध बना हुआ है।

 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page