बासुकीनाथ में पति–पत्नी आमने-सामने, सियासी पंडित चौंके
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 5 days ago
- 1 min read

नगर पंचायत बासुकीनाथ में नामांकन के तीसरे दिन सबसे चौंकाने वाली तस्वीर वार्ड नंबर–8 से सामने आई, जहां पति–पत्नी ने एक ही वार्ड से पार्षद पद के लिए नामांकन कर राजनीतिक समीकरण बदल दिए। राजीव मिश्रा और उनकी पत्नी मुन्नी देवी ने एक ही वार्ड से चुनाव लड़ने का ऐलान कर नगर पंचायत में खलबली मचा दी है। सभी 12 वार्डों के लिए कुल आठ उम्मीदवारों द्वारा नाजिर रसीद कटाए जाने के बीच इस अनोखी दावेदारी ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है।

अध्यक्ष पद पर सन्नाटा, तीसरे दिन भी नहीं आया कोई नामांकन
नगर निकाय चुनाव के तहत नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन भी दुमका नगर परिषद और नगर पंचायत बासुकीनाथ में अध्यक्ष पद के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। लगातार तीसरे दिन अध्यक्ष पद पर सन्नाटा बने रहने से राजनीतिक हलकों में तरह–तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि वार्ड सदस्य पद के लिए दुमका और बासुकीनाथ से दो–दो प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल कर चुनावी गतिविधियों को थोड़ी रफ्तार दी है।

एक वोट से तय हुई थी पिछली जीत, इस बार उलटफेर तय माना जा रहा
वार्ड नंबर–8 पहले से ही बेहद संवेदनशील और रोचक रहा है। वर्ष 2018 में इसी वार्ड से श्वेता मिश्रा ने मात्र एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की थी, जब उन्हें 224 और प्रतिद्वंद्वी विरेन्द्र झा को 223 वोट मिले थे। ऐसे में इस बार पति–पत्नी के आमने–सामने आने से बड़े राजनीतिक उलटफेर की पूरी संभावना जताई जा रही है। इस दावेदारी ने न सिर्फ अन्य प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं, बल्कि पूरे बासुकीनाथ नगर पंचायत की चुनावी चर्चा का केंद्र वार्ड नंबर–8 को बना दिया है।









Comments