top of page

बालु का अवैध उठाव नहीं रोक पाये तो आमझारी बालू घाट को जेसीबी से खोद कर किया बंद

संयुक्त कार्रवाई में तीन घाटों को किया बंद

दुमका। अवैध बालू तस्करी के खिलाफ गोपीकांदर और दुमका जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए आमझारी बालू घाट को जेसीबी से खोदकर बंद कर दिया। शनिवार को पुलिस, खनन, वन विभाग और अंचल कर्मियों की टीम ने आमझारी गांव पहुंचकर तीनों घाटों पर खुदाई कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, ताकि अवैध उठाव पर रोक लगाई जा सके।

प्रतिदिन 300 ट्रैक्टर बालू की हो रही थी तस्करी

बताया गया कि पाकुड़ जिले के आमडापाड़ा क्षेत्र स्थित आमझारी घाट से प्रतिदिन करीब 300 ट्रैक्टर बालू उठाकर बिहार और पश्चिम बंगाल भेजा जा रहा था। बालू को पहले डंप कर ट्रकों के माध्यम से खपाया जाता था, जिससे बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार चल रहा था।

सिलंगी घाट और पुल के नीचे भी हो रहा था उठाव

बालू तस्करों ने गोपीकांदर अंचल क्षेत्र के सिलंगी घाट और आमझारी-सिलंगी के बीच बने पुल के नीचे से भी बालू उठाव शुरू कर दिया था। खनन निरीक्षक गौरव कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई की गई, क्योंकि लगातार अवैध खनन से क्षेत्र में नुकसान की आशंका बढ़ रही थी।

पुल को भी था खतरा, तस्करों पर आरोप

सिलंगी और आमझारी के बीच बांसलोई नदी पर बने नवनिर्मित पुल को भी बालू तस्करों से खतरा बताया गया। प्रशासन का कहना है कि पुल के नीचे लगातार बालू निकालने से उसकी नींव कमजोर हो सकती है और यदि समय रहते रोक नहीं लगी तो करोड़ों की लागत से बना पुल ध्वस्त हो सकता है।

नहीं माने तस्कर तो रोज होगी पेट्रोलिंग

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि जेसीबी से खुदाई के बाद भी अवैध उठाव नहीं रुका तो नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। बालू तस्करी में संलिप्त ट्रैक्टरों पर सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा। अभियान के दौरान थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत सहित कई अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page