प्रेम प्रसंग के विवाद में नाबालिग की मौत, नामजद युवक गिरफ्तार

4 वर्षों से था संबंध, विवाद के बाद किशोरी ने खाया कीटनाशक, परिजनों ने लगाया आरोप
विवाद के बाद किशोरी ने खाया कीटनाशक। मसलिया/निज संवाददाता। मसलिया थाना क्षेत्र के न्याडीह पंचायत अंतर्गत पलासी गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के बाद 17 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, किशोरी का गांव के ही एक युवक के साथ करीब 4 वर्षों से संबंध था और पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। रविवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद किशोरी ने संबंध समाप्त करने की बात कही। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई होने की बात भी सामने आई है।

कीटनाशक खाने के बाद बिगड़ी तबीयत।
परिजनों के अनुसार सोमवार को किशोरी ने घर में रखा कीटनाशक खा लिया और इसकी जानकारी किसी को नहीं दी। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए ले जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मामले को लेकर बैठक भी हुई। परिजनों का आरोप है कि बैठक में युवक ने रात में कुछ बातें स्वीकार की थीं, लेकिन सुबह अपने बयान से मुकर गया। इसके बाद मृतका के पिता ने मसलिया थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया। पुलिस ने मामले में नामजद युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। मौत के वास्तविक कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद स्पष्ट होगा।





Comments