top of page

प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में झोंकी ताकत, महिलाओं संग निकाली रैली, की नुक्कड़ सभा

भ्रष्टाचार मुक्त, स्वच्छ और पारदर्शी दुमका का संकल्प: अभिषेक चौरसिया

दुमका। चुनाव प्रचार की अवधि खत्म होने के एक दिन पूर्व अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। तीन प्रत्याशियों के समर्थन में महिलाओं ने जुलुस निकाला जबकि कुछ प्रत्याशियों ने नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। रंजीत जायसवाल और राधेश्याम वर्मा ने नुक्कड़ सभा की। अजय कुमार झा उर्फ मिक्की झा ने महिलाओं के साथ शहर के रसिकपुर इलाके से रैली निकाली। महिलाएं एक हाथ में छड़ी और दूसरे में पीले रंग का झंडा लेकर चल रही थी। सुमित पटवारी के साथ भी महिलाओं ने नुजुस निकाला जो हाथ में थर्मोकोल से बना हीरा चुनाव चिन्ह लेकर चल रही थी। अभिषक चौरसिया के समर्थन में महिलाओं ने हाथ में टार्च लेकर मुख्य बाजार समेत शहर के विभिन्न इलाकों में जुलुस निकाला और बैटरी टार्च छाप पर वोट देने की अपील की। नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अभिषेक चौरसिया ने दुमका को भ्रष्टाचार मुक्त, स्वच्छ, पारदर्शी और सुव्यवस्थित शहर बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि प्रत्येक माह हर वार्ड में जनता दरबार लगाकर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने प्रतिदिन नियमित साफ-सफाई, बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र की रात्रि सफाई, घर-घर पेयजल उपलब्ध कराने तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित सभी नगर परिषद संबंधित आवेदनों का 15 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का वादा किया। उन्होंने बस स्टैंड के दुकानदारों व फुटकर व्यवसायियों के हितों की सुरक्षा, व्यवस्थित दुकान आवंटन, सुदृढ़ पार्किंग व्यवस्था और जाम से निजात के लिए ठोस पहल करने की बात कही। साथ ही बिजली के तारों को अंडरग्राउंड कराने, पूरे शहर को स्ट्रीट लाइट से रोशन करने, ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा नाली-सड़क को मजबूत बनाने को प्राथमिकता बताया। उन्होंने सफाईकर्मियों को 15,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय और पर्व-त्योहार पर बोनस देने का संकल्प व्यक्त करते हुए नगरवासियों से विकास और पारदर्शिता के लिए समर्थन की अपील की।

पुराने नेतृत्व से निराश जनता, बदलाव की लहर का दावा: सुमित कुमार

दुमका। नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुमित कुमार ने जनसंपर्क अभियान के दौरान कहा कि पिछले दोनों अध्यक्ष जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे, जिसके कारण वार्डों में पानी, सफाई, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार दुमका की जनता बदलाव के पक्ष में मन बना चुकी है। सुमित कुमार ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए घर-घर कचरा उठाव व्यवस्था लागू करने, सफाईकर्मियों की संख्या एवं मानदेय बढ़ाने, जल संकट दूर करने हेतु नए जलमीनार स्थापित कर 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने का वादा किया। उन्होंने सभी 21 वार्डों में समान विकास, सुदृढ़ सीवरेज सिस्टम, महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट और पिंक बस स्टॉप निर्माण का संकल्प व्यक्त किया। साथ ही नगर ऐप के माध्यम से 72 घंटे के भीतर शिकायतों का समाधान और प्रत्येक वार्ड में मिनी नगर कार्यालय खोलने की योजना का उल्लेख करते हुए युवाओं, मजदूरों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष योजनाएं लागू करने का भरोसा दिलाया।

भ्रष्टाचार पर लगाएंगे अंकुश और बढ़ाएंगे संसाधन: विनोद कुमार लाल

दुमका/निज संवाददाता। नगर परिषद अध्यक्ष प्रत्याशी बिनोद कुमार लाल ने जनसंपर्क अभियान चला अपने पक्ष में लोगों से वोट का अपील किया। पूर्व उपाध्यक्ष बिनोद कुमार लाल ने कुम्हारपाड़ा, रसिकपुर, राखाबानी समेत अन्य मुहल्ले में लोगों से मिल जनसमर्थन का अपील किया। विनोद कुमार लाल ने कहा कि इस चुनाव में भ्रष्टाचार एक प्रमुख मुद्दा है और भले ही इसे पूरी तरह समाप्त करना संभव न हो, लेकिन उस पर प्रभावी अंकुश लगाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपाध्यक्ष रहते हुए जब उन्होंने अनियमितताओं का विरोध किया तो उनके खिलाफ दो बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया, जो दोनों ही बार असफल रहा। उन्होंने कहा कि होल्डिंग टैक्स, वॉटर टैक्स सहित अन्य करों की समुचित वसूली नहीं होने से नगर परिषद की आंतरिक आय कम है, जिससे आर्थिक स्थिति प्रभावित होती है। सफाई व्यवस्था पर अधिक खर्च के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिल रहे हैं तथा मानदेय को लेकर सफाई कर्मियों की हड़ताल भी चिंता का विषय है। उन्होंने सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने, सरकार से अतिरिक्त फंड की मांग करने और आंतरिक संसाधनों को सुदृढ़ करने की जरूरत बताई। कचरा डंपिंग परियोजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि शहर से 10 किलोमीटर दूर जमीन चिन्हित होने और चहारदीवारी निर्माण के बावजूद यह अब तक शुरू नहीं हो पाई है। विनोद कुमार लाल ने विश्वास जताया कि जनता उनके कार्यशैली से परिचित है और अवसर मिलने पर वे शहर की व्यवस्थाओं में सुधार कर दुमका को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का प्रयास करेंगे। बिनोद कुमार लाल ने लोगों को हाथ जोड़ एक बार अध्यक्ष पद के लिए वोट कर मौका देने एवं दुमका के विकास के विजन को लोगों के समक्ष रखा। इस अवसर पर अशोक राउत, बादल चटर्जी समेत अन्य समर्थक उपस्थित थे।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page