पुलिस कह रही दुर्घटना में मौत, परिजनों को हत्या की आशंका, किया सड़क जाम
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 29, 2025
- 3 min read

ग्रामीण कर रहे थे जख्मी करनेवाले आरोपियों को गिरफ्तार करने और मुआवजे की मांग
दुमका। जरमुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बीआरसी भवन के समीप सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने दुमका-देवघर मुख्य सड़क मार्ग को चार घंटे तक जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण, विगत 20 सितंबर दिन शनिवार की देर शाम को हथनंगा में हुए सड़क दुर्घटना में केंदुआटिकर गांव निवासी (बाइक सवार) श्रवण कुमार मंडल के साथ मारपीट करके जख्मी करनेवाले आरोपियों को गिरफ्तार करने और मुआवजे की मांग कर रहे थे।

बीच सड़क पर शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया था जाम
आक्रोशित ग्रामीणों ने पार्थिव शरीर को सड़क के बीचो-बीच रखकर करीब चार घंटे तक मुख्य मार्ग में यातायात को अवरुद्ध कर दिया। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को समझाने बुझाने के बाद आखिरकार मुख्य सड़क मार्ग पर यातायात को फिर से बहाल कराया गया।

पिता ने नौ लोगों के खिलाफ पुलिस को दी लिखित शिकायत
जरमुंडी पुलिस द्वारा मृतक के पिता विनोद मंडल के लिखित आवेदन के आधार पर हथनंगा गांव निवासी क्रमशः डोमन मंडल की पत्नी, नागेश्वर मंडल, नंदी मंडल, दयानंद मंडल व मोहन मंडल चारों के पिता स्वर्गीय जगदीश मंडल, अजीत मंडल पिता स्वर्गीय चुनका मंडल , नकुल मंडल पिता स्वर्गीय संतलाल मंडल, बबलू मंडल पिता स्वर्गीय मकदम मंडल एवं निरंजन मंडल पिता राजकुमार मंडल सहित अन्य अज्ञात हथनंगा ग्राम वासियों पर मृत श्रवण कुमार मंडल के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी करने का आरोप लगाया है।

बाइक से धक्का मारने के कारण की गयी मारपीट
मृतक के पिता ने आवेदन में पुलिस को बताया है कि विगत 20 सितंबर को शाम सवा छह बजे के करीब बोगली हटिया से सामान खरीद कर अपने मोटरसाइकिल से घर आ रहा था, कि रास्ते में हथनंगा गांव के आगे डोमन मंडल पिता घनश्याम मंडल ने लापरवाही और तेजी से मोटरसाइकिल चलाते हुए धक्का मार दिया। सड़क दुर्घटना के बाद शोरगुल होने पर हथनंगा गांव निवासी नौ नामजद सहित अन्य अज्ञात ग्रामीणों ने मारपीट कर श्रवण को जख्मी कर दिया। जिस कारण उसका पुत्र श्रवण बेहोशी की हालत में घटनास्थल पर काफी देर तक पड़ा रहा।

गंभीर रूप से घायल व बेहोशी के आलम में था श्रवण
विनोद मंडल ने बताया कि काफी देर बीत जाने पर उसकी पत्नी सुनीता देवी ने श्रवण के मोबाइल पर जब फोन किया तो अनजान व्यक्ति ने फोन रिसीव कर बताया कि तुम्हारा पुत्र जख्मी हालत में पड़ा हुआ है। तब परिवार के लोग हथनंगा से करीब 200 मी आगे घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल श्रवण को बेहोशी के आलम में जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए उसे रेफर कर दिया गया।

27 सितंबर को इलाज के दौरान हुई मौत
परिजन उसे लेकर देवघर के कुंडा पहुंचे और यहां से रांची के रिम्स में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान 27 सितंबर को उसकी मौत हो गई । जरमुंडी थाना में आरोपियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या को लेकर बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले को लेकर छानबीन की जा रही है।

मचान में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
दुमका। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बंदरधंसा गांव के 24 साल के विकास कुमार का शव सोमवार को पुलिस ने घर से बरामद किया। पुलिस इसे आत्महत्या मान कर अनुसंधान कर रही है तो घर वाले साजिश के तहत की गई हत्या बता रहे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

किसी लड़की को लेकर गांव के कुछ लोगों से थी दुश्मनी
मृतक के भाई मुकेश यादव ने बताया कि छोटे भाई सब्जी का काम करता है। रविवार की शाम ही गांव के दो युवकों के साथ खेत की ओर गया था। वहीं पर रात में ही खेत में बने मचान में हत्या कर दी गई। सुबह दोस्तों ने आकर बताया कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसलिए शव को उठाकर ले आए हैं। भाई ने बताया कि विकास की गांव के कुछ लोगों से किसी लड़की को लेकर दुश्मनी थी। उन लड़कों ने 24 घंटे के अंदर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। उन लड़कों ने भाई की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह कुछ लोगों ने शव को घर पहुंचा दिया। घर जाकर शव कब्जे में लिया। उनका कहना है कि घरवालों ने युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है, लेकिन किसी तरह का आवेदन नहीं दिया। इसलिए यूडी दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। घर वाले जिस तरह का आवेदन देंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





Comments