पिकअप की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 7 hours ago
- 2 min read

दुर्गापुर के पास दर्दनाक हादसा
दुमका। गोबिंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाइवे पर दुर्गापुर के समीप पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में आक्रोश फैल गया।

परिजनों और ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना से नाराज स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर गोपीकांदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायल को तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया।

मृतकों की पहचान, घायल अज्ञात
मृतकों में एक की पहचान कुंडापहाड़ी गांव निवासी पतरास मुर्मू के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक को मधुबन गांव का बताया जा रहा है। घायल युवक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। बताया जाता है कि तीनों युवक आमडापाड़ा से लौट रहे थे, तभी पिकअप वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को पकड़कर जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

दूसरी घटना: हाइवा की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त
इसी मार्ग पर दुर्गापुर गांव के पास एक अन्य घटना में कोयला लदे हाइवा ने आगे चल रही ब्रिजा कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि हाइवा एक पेड़ से टकरा गया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




Comments