दुर्गापूजा को लेकर डीसी, एसपी एवं एसडीओ ने कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 19, 2025
- 2 min read

दुमका। आगामी दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में शांति व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा, पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार एवं एसडीओ कौशल कुमार ने शहर के रेड क्रॉस भवन के पास स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में दोनों अधिकारियों ने तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बंद या खराब पड़े मिले कई सीसीटीवी कैमरे
निरीक्षण के दौरान शहर के विभिन्न इलाके में लगाये गये कई सीसीटीवी कैमरे बंद या खराब पाये गये। उपायुक्त ने नगर परिषद के प्रशासक शीतांषु खालको को निर्देश दिया कि पूजा प्रारंभ होने से पूर्व शहर में लगाए गए सभी सीसीटीवी कैमरों की पूरी तरह से मरम्मती व परीक्षण कर लिया जाए, ताकि किसी भी समय निगरानी में बाधा न आए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, चौक-चौराहों, पूजा पंडालों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

कंट्रोल रूम में तीन शिफ्टों में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति
उपायुक्त ने कहा कि कि चौबीसों घंटे और सातों दिन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके लिए कंट्रोल रूम में तीन शिफ्टों में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। यहां तैनात कर्मी ट्रैफिक की स्थिति पर भी नजर बनाये रखेंगे और कंट्रोल रूम, अधिकारियांे एवं पुलिस की गश्ती वाहन के समन्वय से विधि व्यवस्था को सामान्य बनाये रखने में मदद मिलेगी।

आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता: डीसी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने कहा कि कंट्रोल रूम में आने वाले सूचनाओं पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





Comments