दुमका में फिर पेट्रोल कांड: शिकारीपाड़ा में 21 वर्षीय महिला को प्रेमी ने जिंदा जलाया
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Nov 15, 2025
- 2 min read

स्थिति नाजुक होने पर रामपुरहाट अस्पताल ने बर्धमान रेफर कर दिया
दुमका। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के सीतासाल गांव में लंबे समय बाद एक बार फिर पेट्रोल कांड जैसी गंभीर घटना सामने आई है। 21 वर्षीय मकु मुर्मू संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत रामपुरहाट अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसकी स्थिति नाजुक होने पर उसे बर्धमान रेफर कर दिया गया।

मां का सनसनीखेज आरोप: प्रेमी और उसकी पत्नी ने मिलकर लगाई आग
दुमका। झुलसी युवती की मां फूलमुनी हांसदा ने हैरान कर देने वाला दावा किया है कि उसकी बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की साजिश उसके प्रेमी मोंगला देहरी और उसकी पत्नी ने मिलकर रची। उनके अनुसार मोंगला और मकु के बीच तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से दोनों में लगातार विवाद हो रहा था। इसी विवाद के बीच 13 नवंबर की रात दोनों आरोपी सीतासाल पहुंचे और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

मां के बयान पर एफआईआर दर्ज, प्रेमी गिरफ्तार
दुमका। पीड़िता की मां के बयान पर शिकारीपाड़ा थाना में कांड संख्या 120/25 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 118(2), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी मोंगला देहरी को शनिवार को शिकारीपाड़ा बाजार से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि उसकी पत्नी की भूमिका की जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी का बयान: पीड़िता अब भी गंभीर, सच सामने आने में वक्त लगेगा
दुमका। शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि पीड़िता बुरी तरह झुलसी है और अभी बयान देने की हालत में नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ही उसकी स्थिति में सुधार होगा, पुलिस उसका बयान दर्ज करेगी, जिससे घटना की असल सच्चाई सामने आ सकेगी।

याद आया 2022 का अंकिता पेट्रोल काण्ड
दुमका। गौरतलब है कि अगस्त 2022 में दुमका की अंकिता पेट्रोल कांड ने पूरे देश का ध्यान खींचा था। उसी घटना के बाद से जिले में पेट्रोल छिड़क कर जलाये जाने की यह चौथी घटना है। सीतासाल की यह घटना एक बार फिर दुमका को चर्चा में ले आई है।





Comments