दुमका डबल मर्डर का खुलासा: रेप की कोशिश नाकाम होने पर मां-बेटी की निर्मम हत्या
दुमका शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित सदर इंस्पेक्टर कार्यालय परिसर में मां और छह वर्षीय बेटी की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश के विरोध पर उसकी हत्या की गई और घटना की गवाह बनी बच्ची को भी मार डाला गया। इस जघन्य वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
36 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी जैनुल हक उर्फ जैनुल अंसारी गिरफ्तार
एसपी पीतांबर सिंह खैरवार ने बताया कि 11 फरवरी की सुबह मां-बेटी का शव मिलने के बाद नगर थाना कांड संख्या 29/2026 दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने 13 फरवरी को आरोपी जैनुल हक उर्फ जैनुल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों हत्याओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस पूछताछ में खुली दरिंदगी की कहानी, सुनसान जगह ले जाकर किया हमला
पुलिस के अनुसार आरोपी ने बयान दिया कि 10 फरवरी की रात उसने महिला को बच्ची के साथ अकेले देखा और बहला-फुसलाकर इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे सुनसान स्थान पर ले गया। वहां उसने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के सीने पर कई मुक्के मारे, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्ची के रोने पर पहचान खुलने के डर से उसका मुंह दबाकर और गला घोंटकर हत्या कर दी।
सबूत मिटाने की कोशिश, कागजात फाड़े और पैसे भी निकाले
जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला के झोले में रखे कागजात फाड़कर कचरे में फेंक दिए ताकि पहचान न हो सके। झोले से करीब 5200 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर झोला, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, कपड़े, मोबाइल और नकदी बरामद कर ली है। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर महिला की पहचान काठीकुंड निवासी के रूप में हुई।
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से टूटा राज, मजदूरी करता था आरोपी
एसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन विश्लेषण से आरोपी पर संदेह गहरा हुआ। घटना के बाद उसका मोबाइल बंद मिला, जिससे पुलिस का शक पुख्ता हुआ। आरोपी गांदो क्षेत्र का रहने वाला है और पारिवारिक विवाद के कारण दुमका में रहकर मजदूरी करता था। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।




Comments