दामाद के साथ फरार महिला गुरुग्राम से बरामद, पुलिस ने दोनों को लाया दुमका
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 1 day ago
- 1 min read

5 मार्च से लापता थे महिला और दामाद
दुमका। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के माथाकेसो गांव की 30 वर्षीय कृपा कुमारी, जो 5 मार्च से अपने दामाद विजय कुमार साह के साथ लापता थी, को पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम से बरामद कर लिया है। घटना के बाद काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर 10 मार्च को महिला के पति सिकंदर मंडल ने थाना में सनहा दर्ज कराया था।

मोबाइल लोकेशन के आधार पर मिली सफलता
मामले की जांच कर रहे एएसआई जय प्रकाश तिवारी ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर मोबाइल लोकेशन ट्रैक किया और हरियाणा पुलिस के सहयोग से गुरुग्राम में छापेमारी कर दोनों को बरामद किया। बाद में उन्हें दुमका लाकर थाना में पूछताछ की जा रही है।

घूमने के बहाने निकली थी महिला
थाना प्रभारी राजेंद्र यादव के अनुसार महिला अपने दामाद के साथ घूमने के बहाने घर से निकली थी और बाद में उसके साथ चली गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

घोघा थाना पुलिस ने हंसडीहा होटल में की जांच
इधर भागलपुर जिले के घोघा थाना की पुलिस टीम हंसडीहा पहुंचकर एक मामले में वृंदावन होटल की जांच की। पुलिस ने होटल रजिस्टर की जांच और परिसर की वीडियोग्राफी कराई, हालांकि अभिलेखों में संबंधित व्यक्तियों के ठहरने की पुष्टि नहीं हो सकी है।

ईंट भट्ठा से चोरी के मामले में प्राथमिकी दर्ज
वहीं सरैयाहाट थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठा से ईंट चोरी के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





Comments