दस दिन की तलाश के बाद कुएं से बरामद हुआ युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jan 20
- 2 min read

दुमका। जामा थाना क्षेत्र के अमरा नवाडीह गांव से दस दिनों से लापता 30 वर्षीय मुन्ना कुमार सिंह का शव मंगलवार को आमझर गांव के एक कुएं में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक गूंगा होने के साथ मानसिक रूप से अस्वस्थ था और 11 जनवरी को दोपहर में घर से निकलने के बाद लापता हो गया था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, वहीं पुलिस भी अपने स्तर से खोजबीन में जुटी थी। अचानक कुएं में शव मिलने की सूचना से गांव में भय और शोक का माहौल बन गया।

हरे स्वेटर से हुई पहचान, हादसे की जताई जा रही आशंका
मंगलवार को आमझर गांव के ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद मृतक के परिजनों तक खबर पहुंची। ग्रामीणों द्वारा बताए गए हरे रंग के स्वेटर के आधार पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मुन्ना कुमार सिंह के रूप में की। परिजनों का कहना है कि शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कुएं में गिरने से उसकी मौत हुई होगी।

रेल पटरी पर मिला अधेड़ का शव, अब तक नहीं हो सकी शिनाख्त
दुमका। इधर देवघर–दुमका रेलखंड पर तालझारी थाना क्षेत्र के मचला गांव के पास मंगलवार अहले सुबह एक करीब 45 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। सुबह पटरी के पास शव दिखने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, लेकिन आसपास के लोगों से शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार मृतक मजदूर प्रतीत होता है और उसकी जेब से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला है। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए तीन दिनों तक सुरक्षित रखा गया है।





Comments