डीसी ने दुधानी राउत टोला की सेविका को किया बर्खास्त
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 6, 2025
- 1 min read

उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक
दुमका। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने दुधानी राउत टोला की सेविका को चयन मुक्त करने का निर्देश देते हुए कहा कि जो भी सेविकाएं नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र नहीं खोलती हैं, उन्हें चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

टीएचआर वितरण में कमी को लेकर पूछा स्पष्टीकरण
उपायुक्त ने एलएस सरैयाहाट को टीएचआर वितरण में कमी को लेकर स्पष्टीकरण देने का भी निर्देश दिया। शौचालय निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आंगनबाड़ी केंद्रों में हो प्री-एजुकेशन किट का उपयोग
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध प्री-एजुकेशन किट एवं अन्य सामग्रियों की उपलब्धता एवं उपयोगिता की जानकारी ली और बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अंजु कुमारी, सीडीपीओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





Comments