top of page

झारखंड मुक्ति मोर्चा का 47वां स्थापना दिवस : खलेगी शिबू सोरेन की कमी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन होंगे शामिल

झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के झंडो, शिबू, बसंत व हेमंत सोरेन के फ्लैक्स से पटा शहर

दुमका। दुमका के गांधी मैदान में 2 फरवरी को आयोजित झारखंड मुक्ति मोर्चा के 47वां स्थापना दिवस समारोह की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। संथाल परगना के 18 सीटों में से 17 सीटों पर झामुमो एवं गठबंधन दलों कब्जा है और राज्य में दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार का हेमंत सोरेन नेतृत्व कर रहे हैं। बस एक कमी है कि झामुमो अध्यक्ष दिशोम गुरू शिबू सोरेन झारखण्ड दिवस में मौजूद नहीं रहेंगे क्योंकि 2025 में उनका निधन हो चुका है। पर 2 फरवरी के आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी ने दिशोम गुरू शिबू सोरेन के बड़े-बड़े कटाउट लगाये हैं। शिबू सोरेन के फोटो वाले झंडा और झंडी से शहर को पाट दिया गया है। दिशोम गुरू शिबू सोरेन के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और युवा मोर्चा के अध्यक्ष विधायक बसंत सोरेन के फोटो वाले बड़े-बड़े होर्डिंग लगाये गये हैं। शिबू सोरेन के बाद सबसे ज्यादा होर्डिंग विधायक बसंस सोरेन का लगाया गया है जिनमें से अधिकांश में उनकी 10 साल पुरानी फोटो लगायी गयी है जिसमें वह काफी युवा दिखते हैं जबकि होर्डिंग में हेमंत सोरेन की हाल की फोटो लगायी गयी है। शिबू सोरेन के बड़े बेटे स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की पत्नी और जामा की पूर्व विधायक सीता सोरेन भाजपा में शामिल हो चुकी है। यही कारण है कि किसी भी होर्डिंग में स्व. दुर्गा सोरेन का फोटो नहीं दिख रहा है हलांकि खिजुरिया स्थित सोरेन आवास के पास बनाये गये तोरण द्वार का नाम स्व0 दुर्गा सोरेन द्वार रखा गया है। जिला झारखण्ड मुक्ति मोर्चा, दुमका के द्वारा शहर में एक होर्डिंग ऐसा भी लगाया गया है जिसमें सांसद नलिन सोरेन, शिकारीपाड़ा के विधायक आलोक सोरेन और जामा विधायक डा लुईस मराण्डी का भी फोटो लगा है।

कार्यक्रम के लिए बनाये गये हैं दो-दो मंच

दुमका। इस बार गांधी मैदान में झामुमो के स्थापना दिवस कार्यक्रम के लिए दो-दो मंच बनाये गये हैं। दोनों मंचों में पार्टी के पांच सांसदों एवं 32 मंत्रियों व विधायकों के अलावा दिशोम गुरू शिबू सोरेने, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं दुमका विधायक बसंत सोरेन के बड़े फोटो लगाये गये हैं। मंच पर लगाये गये फोटो में झारखण्ड विधान सभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो का भी फोटो लगाया गया है। दोनों मंचों के उपर पार्टी का चुनाव चिन्ह बड़ा सा तीर धनुष लगाया जा रहा है। सुदूर गांवों से कार्यकर्त्ताओं को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए खिजुरिया स्थित प्रमंडलीय कार्यालय से बसों को रवाना कर दिया गया। रविवार की देर शाम तक विधायक बसंत सोरेन खुद खिजुरिया आवास के पास बनाये गये टेंट में कैम्प कर बसों की रवाना करवाते रहे। 2 फरवरी को पार्टी का स्थापना दिवस कार्यक्रम शाम में शुरू होगा और आधी रात के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के भाषण से खत्म होगा। पार्टी के स्थापना दिवस समारोह के लिए शहर के सभी चौक चौराहों पर हरे रंग के झंडों और होर्डिग से पाट दिया गया है। पार्टी के शहीदों के नाम पर 47 तोरण द्वार बनाये गये हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे मुख्य वक्ता

दुमका। 2 फरवरी के रैली के मुख्य वक्ता पार्टी के झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे। इस सभा को पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद नलिन सोरेन, दुमका विधायक बसंत सोरेन एवं जामा विधायक डा लुईस मराण्डी, नाला विधायक रविन्द्र नाथ महतो, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, महेशपुर विधायक स्टीफन मराण्डी, सारठ विधायक उदय शंकर उर्फ चुन्ना सिंह, शिकारीपाड़ा विधायक आलोक सोरेन, गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन, मंत्री हफीजुल हसन, सांसद बिजय हांसदा के साथ-साथ केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य आदि संबोधित करेंगे। पार्टी के 47वें स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन सोमवार को दिन के लगभग 2 बजे हैलिकॉप्टर से दुमका पहुँचेंगे जबकि विधायक बसंत सोरेन पहले से यहां कैम्प कर रहे हैं। सोमवार की शाम एसपी कॉलेज से परांपरिक परिधान और तीर-धनुष से हथियारों से लैश पार्टी कार्यकर्ता और आमजन रैली निकालेंगे। रैली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन पोखरा चौक पर शहीद सिदो कान्हू के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शामिल होंगे और टीन बाजार होते हुए कार्यक्रम स्थल गांधी मैदान पहुंचेंगे। 2 फरवरी को गांधी मैदान में पार्टी स्थापना दिवस की शुरूआत झामुमो अध्यक्ष मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा झंडोत्तोलन कर की जायेगी।

झामुमो के झंडो,पोस्टर व बैनर से पटा दुमका

दुमका। शहर के विभिन्न चौक चौराहों पर स्थापित शहीदों एवं महापुरूषों के प्रतिमा स्थल को झामुमो के झंडों के अलावा रंगीन बल्बों से सजाया गया है। गांधी मैदान के स्थायी मंच पर मुख्य कार्यक्रम होगा जबकि उसके सामने बनाये गये मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमांें की प्रस्तुति की जायेगी। मैदान के सामने 47 झंडे लहराते रहेंगे। मुख्य कार्यक्रम स्थल गांधी मैदान में मंच पर मुख्यमंत्री सह कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, बसंत सोरेन, लुईस मराण्डी, सांसद बिजय हांसदा व नलिन सोरेन सहित केवल प्रमुख नेताओं के ही बैठने की व्यवस्था की गयी है जबकि अन्य नेताओं के लिए मुख्य मंच से सटा हुआ एक और मंच बनाया गया है। मंच के दाएं ओर पार्टी के जिलाध्यक्षों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के लिए और बाएं ओर मीडिया के लिए पंडाल बनाया गया है। मंच के दाएं ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए ग्रीन रूम और टॉयलेट बनाया गया है। मैदान में प्रकाश, पेयजल, भोजन आदि की समुचित व्यवस्था की गयी है। गांधी मैदान के आसपास के भवनों को भी रंगीन रौशनियों से सजाया गया है। यहां बता दें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा 1978 से लगातार 2 फरवरी को दुमका में स्थापना दिवस समारोह मनाता रहा है।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page