जनता दरबार में जामा विधायक एवं डीसी ने किया परिसंपत्ति का वितरण
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 18, 2025
- 2 min read

दुमका। प्रखंड क्षेत्र के बारा पंचायत के यूपीएस करैला परिसर में गुरुवार को विधायक डॉ लुईस मरांडी एवं उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के द्वारा संयुक्त रूप से करोड़ों रुपये के परिसंपत्ति का वितरण किया गया। इससे पूर्व विधायक एवं उपायुक्त का उपस्थित ग्रामीणों ने आदिवासी नृत्य प्रस्तुत कर स्वागत किया। जनता दरबार कार्यक्रम में विभिन्न विभाग के 14 स्टॉल बनाये गये थे। जिसके माध्यम से लाभुकों से आवेदन लिये गये। मौके पर विधायक, उपायुक्त एवं प्रशिक्षु आईएएस ने लाभुकों के बीच भूमि संरक्षण विभाग से चार ट्रैक्टर का चाभी चार अलग अलग स्वयं सहायता समूह एवं सखी मंडल को दिया गया। साथ ही जेएसएलपीएस के द्वारा दो बोलेरो गाड़ी एवं 12 लाख का चेक दो स्वयं सहायता समूह को दिया गया। 12 पंप सेट भी लाभुक किसानों के बीच भूमि संरक्षण विभाग द्वारा वितरित किया गया। 14 छात्र छात्राओं को निः शुल्क साइकिल का वितरण किया गया।

विधायक ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में दी जानकारी
इस मौके पर विधायक ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में उपस्थित ग्रामीणों को बताया। उन्होंने सरकार द्वारा निर्देशित जनता दरबार के आयोजन से होने वाले लाभ से भी ग्रामीणों को अवगत कराया। मौके पर प्रशिक्षु आईएएस नजीस उमर अंसारी, बीडीओ डॉ विवेक किशोर, सीडीपीओ कुमारी रितु, गिरेन्द्र यादव, गौरव कुमार, जमालुद्दीन अंसारी, विभीषण मुर्मू, गौतम दरवे सहित सभी विभाग के कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

जामा सीएचसी में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम में पहुंची विधायक
दुमका। जामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जामा विधायक डॉ लुईस मरांडी एवं उप प्रमुख पूनम देवी के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। जामा में संचालित तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं 31 आरोग्य मंदिर में भी कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाये जा रहे इस प्रकार के कार्यक्रम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं और बच्चे अब सफलता पूर्वक अपना स्वास्थ्य जांच और इलाज करा सकेगी और सुदूर देहात में रहने वाले ग्रामीण महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आम जनता और ग्रामीणों को हर तरह की सुविधा मुहैया करा रही है। कार्यकम के सफल क्रियान्वयन में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शशिधर मिश्र एवं कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी डॉ रिजवान अंसारी के साथ राजेश रोजवेल मुर्मू, बीडीएम तरुण सेन, अजितेश राय, पवन कुमार, मिथुन कुमार, प्रदीप मंडल, क्रिस्टीना किस्कू एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।

महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है उद्देश्य
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मिश्र ने कहा कि स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इस अभियान के तहत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें सर्वप्रथम स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जायेगी। जिसमें रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर और अन्य बीमारियों की जांच शामिल है। इसके अलावे आयुष्मान कार्ड और मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड प्रदान किया जायेगा। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं को आसान बनाने के लिए आयुष्मान कार्ड, मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड का पंजीकरण किया जायेगा। जरूरत पड़ने वो रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे और लोगों को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा। मौके पर जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष विभीषण मुर्मू, सचिव गौतम दर्वे, बोदीलाल मरांडी आदि शामिल हुए।





Comments