गौर से देखिये, यदि पलक झपक रही है तो ये मानव हैं, नहीं तो देवियां
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 29, 2025
- 2 min read

गांधी मैदान में ब्रह्माकुमारीज़ की 25वीं चौतन्य देवियों की भव्य झांकी का शुभारंभ
दुमका। दुर्गापूजा की महासप्तमी पर गांधी मैदान में आध्यात्मिकता और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, दुमका द्वारा आयोजित चैतन्य देवियों की झांकी का 25वां आयोजन इस वर्ष रजत जयंती वर्ष के रूप में भव्यता और श्रद्धा के साथ शुरू हो गया है। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में और राजयोगिनी बी.के. जयमाला ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राजयोगिनी बी.के. जयमाला ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ की झांकियाँ केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि आत्म-जागृति और समाज को गहरा संदेश देने का माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि देवी वास्तव में हमारे भीतर विद्यमान दिव्य शक्तियों का प्रतीक हैं। जब आत्मा देह-अभिमान से मुक्त होकर संयम, सात्विकता, ब्रह्मचर्य और दिव्य गुणों को अपनाती है तभी उसका व्यक्तित्व देवी स्वरूप धारण करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवी की आठ भुजाएँ सहनशीलता, संयम, परख, न्याय, निर्णय, समायोजन, कठिनाइयों का सामना करने और आंतरिक संतुलन की शक्तियों का प्रतिनिधित्व करती हैं।

यह सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन का सशक्त माध्यम: डीसी
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि चैतन्य देवियों की झांकी केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मकता, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन का सशक्त माध्यम है। उन्होंने आयोजन समिति और कलाकारों को इस अद्भुत पहल के लिए बधाई दी।

झांकी में बीके रेखा बनी है दुर्गा
झांकी में दुर्गा की भूमिका बी.के. रेखा ने निभा रही है जिनके 19 वर्षों के अनुभव ने प्रस्तुति को और प्रभावी बना दिया। लक्ष्मी, सरस्वती, कार्तिकेय, गणेश और महिषासुर की भूमिकाएँ श्रेया कुमारी, खुशी कुमारी, दिशा भगत, काजल, तनु, राहुल मिर्धा, कुणाल केशरी और निर्मल ने निभा रहे हैं। मेकअप आर्टिस्ट मौसमी मुर्मू और पूजा कुमारी इन कलाकारों को तैयार होने और देवी का लूक देने में सहयोग कर रहे हैं।

विजयादशमी तक होगा आयोजन
बी.के. डॉ. पीयूष रंजन ने बताया कि यह भव्य झांकी विजयादशमी तक प्रतिदिन शाम में प्रदर्शित की जायेगी। दर्शकों को यहां धार्मिक दर्शन के साथ-साथ आध्यात्मिक आनंद और परमपिता परमात्मा से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।

डीसी ने किया प्याऊ का उद्घाटन
सिविल सोसायटी दुमका के सौजन्य से आयोजन स्थल पर प्याऊ की भी व्यवस्था की गई, जिसका उद्घाटन उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने अपने करकमलों से किया। इस आयोजन में बंटी अग्रवाल, राजू अग्रवाल, कुंदन झा, रामानंद मिश्र, राधेश्याम वर्मा, प्रेम केशरी, संदीप कुमार, मनोज कुमार घोष, मुश्ताक अली, अर्जुन हरनानी, प्रेम प्रकाश, राम नारायण, दिवाकर, गणेश, रामप्रवेश, राजीव, मधुकर राय, बिनोद आदि योगदान दे रहे हैं।





Comments