top of page

कोयला रैक यार्ड के पास हाईवा पर फायरिंग, चालक बाल-बाल बचा

जाम के बीच अपराधियों का दुस्साहस

दुमका। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड पर कोयला रैक यार्ड के समीप बीती रात अपराधियों ने जाम में फंसे एक हाईवा पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना के बाद ट्रक मालिकों और चालकों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

हथियार सटाकर की फायरिंग

हाईवा चालक रौशन मांझी ने बताया कि वह कोयला साइडिंग से लौट रहा था और जाम के कारण पास के एक लाइन होटल में खाना खाने उतरा था। इसी दौरान वाहन के पास हलचल होने पर जब वह लौटा तो कार सवार बदमाशों ने उसकी कनपटी पर हथियार सटा दिया और फायरिंग कर फरार हो गए। गोली हाईवा के पीछे के शीशे में लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गया।

ट्रक ऑनर एसोसिएशन में आक्रोश

घटना के बाद दुमका जिला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की बैठक हुई, जिसमें पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष सुजीत मुर्मू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो चालक और मालिक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

जाम को बताया मुख्य कारण

एसोसिएशन ने इस घटना के लिए कोयला साइडिंग संचालित करने वाली बीजीआर कंपनी को भी जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि रिंग रोड पर पूरी रात जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे अपराधियों को वारदात का मौका मिलता है और आम लोगों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

मुफ्फसिल थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द पकड़ा जाएगा।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page