कूड़ा उठाव में लापरवाही पर सख्ती, जर्जर भवन खाली कराने का आदेश
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Apr 10
- 2 min read

बोर्ड बैठक में लिए गए अहम निर्णय
दुमका। नगर परिषद दुमका में अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया और उपाध्यक्ष मनोज सिंह की मौजूदगी में आयोजित बोर्ड की दूसरी बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था और जर्जर भवनों को लेकर कड़े फैसले लिए गए। करीब तीन घंटे चली बैठक में घर-घर कचरा उठाव की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई गई और संबंधित एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठे।

डंपिंग स्थल होने के बावजूद काम शुरू नहीं
बैठक में बताया गया कि ठाड़ी गांव में कचरा डंपिंग के लिए जमीन चयनित होने के बावजूद संबंधित कंपनी ने अब तक काम शुरू नहीं किया है, जिससे शहर में गंदगी बढ़ती जा रही है और लोग कचरा खुले में फेंकने को मजबूर हैं। इस पर अध्यक्ष ने कंपनी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया।

सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश
सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा गया कि कचरा उठाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध तरीके से व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और व्यवस्था को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।

जर्जर भवन पर कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी
वहीं बस स्टैंड के सामने स्थित जर्जर भवन का मामला भी बैठक में प्रमुखता से उठा। बताया गया कि भवन प्रमंडल द्वारा इसे तीन माह पूर्व ही खतरनाक घोषित किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

तुरंत खाली कराने का निर्देश
इस पर अध्यक्ष ने संबंधित दुकानदारों को तत्काल नोटिस देकर भवन खाली कराने का निर्देश दिया और स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी हादसे की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही कार्यपालक पदाधिकारी को इस मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।





Comments