कुल्हाड़ी हाथ में लेकर गांव में घुमता रहा युवक, बोला रास्ते में जो आया उसे भी काट देगा
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Oct 29, 2025
- 2 min read

दुमका में कलयुगी बेटे ने पिता की कुल्हाड़ी से की हत्या, गिरफ्तार
बिशनपुर गांव में शराब के नशे में हुई दिल दहला देने वाली वारदात
सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव के बोदवा टोला में बुधवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान जीतन हांसदा के रूप में हुई है, जिसने अपने पिता तुतीराम हांसदा (55 वर्ष) की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी।

नशे में बेकाबू हुआ बेटा, पिता पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, जीतन हांसदा बुधवार को शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान आरोपी ने पहले अपनी मां, बहन और छोटे भाई को घर से बाहर निकाल दिया, फिर घर के आंगन में पिता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। तुतीराम हांसदा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

गांव वालों में दहशत, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी
हत्या के बाद जीतन हांसदा ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर लिया और हाथ में कुल्हाड़ी लेकर आसपास के लोगों को धमकाने लगा। आरोपी के डर से ग्रामीण मौके से भाग गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना प्रभारी राजेंद्र यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घेराबंदी कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया गया और शव को कब्जे में लेकर थाना लाया गया।

पुलिस कर रही पूछताछ, शव भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए
पुलिस ने बताया कि आरोपी जीतन हांसदा शराब के नशे में था, जिसके कारण वह पूछताछ में सही-सही जवाब नहीं दे पा रहा है। मृतक के शव को गुरुवार को पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेजा जाएगा।
थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि मृतक के परिजन अभी आवेदन नहीं दिए हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





Comments