top of page

एक दिन में तीन हादसे, 2 की मौत, बाइक सवार समेत 2 घायल

तालझारी में बस की टक्कर से किसान की मौत, शटडाउन के बावजूद 11 हजार वोल्ट लाइन में दौड़ा करंट

बस की टक्कर से किसान की मौत

दुमका। तालझारी थाना क्षेत्र के नारगंज ढलान के पास रविवार को बस की टक्कर से देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के खरबा गांव निवासी 42 वर्षीय किसान टेटू सिंह की मौत हो गई। रिश्तेदार परदेसी सिंह के अनुसार टेटू कुछ दिनों से पड़ोस के बैजूपुर गांव के एक व्यक्ति के यहां खेती का काम कर रहा था। रविवार सुबह वह बाइक से तालझारी गया था। काम समाप्त होने के बाद तीन लोग बाइक से घर लौट रहे थे। नारगंज ढलान के पास तीनों बाइक से उतरकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान टेटू जैसे ही बाइक पर बैठने लगा, पीछे से आ रही बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल टेटू को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बस चालक की तलाश में जुटी पुलिस

तालझारी थाना प्रभारी संगम पाठक ने बताया कि प्रथमदृष्टया हादसा बस चालक की लापरवाही से हुआ है। पुलिस बस की पहचान करने और चालक की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है।

जर्जर सड़क पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

साहेबगंज-गोविंदपुर हाईवे पर चुटोनाथ से आगे आमलाचतर के समीप रविवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पोड़ीडीह निवासी करीब 38 वर्षीय श्रवण कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि श्रवण बाइक से जा रहे थे, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और नाक से काफी रक्तस्राव हुआ। सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता सागर मिर्धा ने जामा थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायल को तत्काल फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

गड्ढों के कारण हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने मांगी मरम्मत

स्थानीय लोगों के अनुसार आमलाचतर के समीप सड़क लंबे समय से जर्जर है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। इसके कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ता सागर मिर्धा ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।

शटडाउन के बावजूद 11 हजार वोल्ट लाइन में करंट से बिजली मिस्त्री की मौत

हंसडीहा थाना क्षेत्र के ओढ़तारा गांव में रविवार को बिजली मरम्मत कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से निजी बिजली मिस्त्री सिकंदर लायक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव की बिजली लाइन में खराबी दूर करने के लिए सिकंदर को मरम्मत कार्य के लिए भेजा गया था। बताया जा रहा है कि सरैयाहाट से शटडाउन लेने के बाद वह विद्युत लाइन पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। ओढ़तारा गांव में 11 हजार वोल्ट की विद्युत आपूर्ति नोनीहाट फीडर से होती है। ऐसे में सरैयाहाट से शटडाउन लिए जाने के बावजूद लाइन में करंट कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय बन गया है। सिकंदर को इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। परिजन उसे बाहर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने विद्युत लाइन पर काम कराने से पहले संबंधित फीडर और विद्युत स्रोत की पूरी तरह पुष्टि करने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक हंसडीहा थाना में घटना को लेकर कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page