top of page

अंडमान के तर्ज पर दुमका में बन रहा ट्राइबल म्युजियम

दुमका के सरकारी बस पड़ाव में 18 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण

दुमका। झारखंड सरकार द्वारा दुमका में अंडमान के तर्ज पर ट्राइबल म्युजियम का निर्माण करवाया जा रहा है। दुमका के सरकारी बस पड़ाव में 18 करोड़ की लागत से बनाये जा रहे इस ट्राइबल म्यूजियम में राज्य की समृद्ध आदिवासी विरासत को संरक्षित एवं प्रदर्शित किया जायेगा। यह संग्रहालय पारंपरिक आदिवासी रूपांकनों और टिकाऊ निर्माण तकनीकों का उपयोग करते हुए विकसित किया जा रहा है, जो राज्य की सांस्कृतिक विविधता, इतिहास और विकास की गाथा को दर्शाएगा।

जनजातीय संस्कृति, वाद्य यंत्र, औजार आदि किये जाएंगे प्रदर्शित

जिस तरह से अंडमान में केन्द्रीय मान विज्ञान संग्रहालय बनाया गया है, उसी प्रकार यहां का भी संग्रहालय होगा जिसमें झारखंड की 30 से अधिक जनजातियों की स्वदेशी संस्कृति, रीति-रिवाजों, कलाकृतियों, पारंपरिक औजारों, परिधानों, वाद्ययंत्रों तथा जीवनशैली को संरक्षित व प्रदर्शित करेगा, जिनमें से कई लुप्तप्राय स्थिति में हैं। विशेष रूप से यह संग्रहालय संथाल विद्रोह से लेकर बिरसा मुंडा आंदोलन तक आदिवासी प्रतिरोध आंदोलनों के गौरवशाली इतिहास को उजागर करेगा। इसमें बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू सहित अन्य वीर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और योगदान का जीवंत दस्तावेजीकरण किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिल सके।

अकादमिक शोध के लिए बनेगा महत्वपूर्ण केंद्र

यह केंद्र आदिवासी संस्कृति, पुरातत्व एवं प्राकृतिक इतिहास पर अकादमिक शोध के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य करेगा और राज्य की जैव विविधता व प्राकृतिक संपदा की झलक भी प्रस्तुत करेगा। इसके माध्यम से न केवल सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजा जाएगा, बल्कि यह क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। झारखंड सरकार का यह प्रयास राज्य की आदिवासी पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

डीसी ने निर्माणाधीन ट्राइबल म्यूजियम का किया निरीक्षण

निर्माणाधीन ट्राइबल म्यूजियम का उपायुक्त अभिजीत सिनहा ने 24 जुलाई को निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि अब तक करीब 35ः कार्य पूर्ण हो चुका है। यह म्यूजियम नवंबर 2026 तक कार्य पूर्ण होने की संभावना है। उपायुक्त ने बताया कि यह म्यूजियम ट्राइबल थीम पर आधारित एक भव्य शोपीस के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें कई सुविधाएं शामिल होंगी- जैसे ग्रीन रूम, लॉबी एवं वेटिंग एरिया, 215 लोगों की क्षमता वाला ओपन एयर ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, टिकट काउंटर, रेस्टोरेंट, एंटीक शॉप एवं सॉवेनियर शॉप। उपायुक्त ने कार्य एजेंसी को निर्देश दिया कि गुणवत्ता के साथ कार्य में तेजी लाएं और निर्धारित समयसीमा में सभी निर्माण कार्य पूर्ण करें।


 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page