युवा मोर्चा के अध्यक्ष रुपेश मंडल बने भाजपा दुमका जिलाध्यक्ष
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- 25 minutes ago
- 1 min read

दुमका।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन पर्व के तहत शुक्रवार को अग्रसेन भवन, दुमका में आयोजित स्नेह मिलन समारोह के दौरान युवा नेता रुपेश मंडल को भाजपा दुमका का नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष घोषित किया गया। इससे पूर्व वे भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे थे।
पार्टी ने कई वरिष्ठ नेताओं और पूर्व जिलाध्यक्षों को दरकिनार करते हुए युवा नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए रुपेश मंडल को दुमका जिले की संगठनात्मक कमान सौंपी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता वर्तमान जिलाध्यक्ष गौरव कांत ने की, जबकि जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने जिलाध्यक्ष पद की औपचारिक घोषणा की।

इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुनील सोरेन ने कहा कि नए नेतृत्व के साथ भाजपा दुमका जिले में और अधिक संगठित होकर जनता की आवाज बनेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि रुपेश मंडल के नेतृत्व में संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होगा।
समारोह के दौरान भाजपा की प्रदेश परिषद के लिए बाबूलाल मरांडी, सुनील सोरेन, परितोष सोरेन, सुरेश मुर्मू, निवास मंडल एवं सत्यानंद झा ‘बाटुल’ के नामों की भी घोषणा की गई। वहीं संगठनात्मक विस्तार के तहत ठाड़ीहाट मंडल अध्यक्ष के रूप में महेंद्र मंडल तथा सरैयाहाट मंडल अध्यक्ष के रूप में सुभाष यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष रुपेश मंडल ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

इस स्नेह मिलन समारोह में पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता, भाजपा प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।








Comments