जलार्पण करने बासुकीनाथ आये तीन कांवरियों की हुई मौत
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jul 17, 2025
- 2 min read

दुमका। बासुकीनाथ धाम में 17 जुलाई का दिन शिव भक्तों के लिए शुभ नहीं रहा। जलापर्ण के लिए बासुकीनाथ पहुंचनेवाले 3 कांवरियों की अलग-अलग तीन दुर्घटना में मौत हो गई। इनमें से एक कांवरिया की जहां सीढ़ी से गिरने से मौत हो गयी वहीं दूसरा ऑटो से गिरकर असमय काल कालवित हो गया। एक कांवरिया की तो हार्ट अटैक से मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार छपरा के 70 कांवरियों का जत्था बस से पूजा अर्चना के लिए निकला था। देवघर और बासुकीनाथ धाम में जलार्पण के बाद कांवरिया पश्चिम बंगाल के तारापीठ चले गए। बुधवार की रात तारापीठ से लौट कर कांवरियों का जत्था दुमका के मुफस्सिल थाना के हरिपुर में ट्रक ऑनर एसोसिएशन द्वारा लगाए गए शिविर में रात्री विश्राम के लिए रुक गया। बुधवार की देर रात नगू साह नामक श्रद्धालु सीढ़ी से फिसल कर गंभीर रूप से घायल हो गया। नगू साह के सिर पर गंभीर चोट लगी। एम्बुलेंस से उसे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

ऑटो से गिरकर घायल कांवरिया को डॉक्टर ने किया मृत घोषित
दूसरी घटना जरमुंडी बाजार के पास की बताई जा रही है जब चलती ऑटो से गिरकर रविन्द्र चौधरी घायल हो गए। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद उसे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक बिहार के गयाजी जिला के परैया थाना क्षेत्र का रहने वाला था।

हार्ट अटैक से हुई छत्तीसगढ़ के कांवरिया की मौत
तीसरी घटना बासुकिनाथ धाम की है जहां जलार्पण के लिए मंदिर जा रहे पुरुषोत्तम कुमार सोनी की तबियत अचानक खराब हो गई और वह गिर पड़ा। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद उसे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। मृतक छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का रहने वाला था। परिजन ने बगैर पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले जाने की इजाजत मांगी। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।








Comments