बासुकीनाथ में राजस्व निरीक्षकों के साथ मारपीट, दुकानदारों पर मामला दर्ज
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jul 31
- 1 min read

दुमका
राजकीय श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ नगर पंचायत के दो राजस्व निरीक्षकों के साथ गुरुवार को पानी टंकी रोड के पास मारपीट की घटना सामने आई है। दुकान का निबंधन कराने पहुंचे दोनों कर्मियों पर स्थानीय दुकानदारों ने एकमत होकर हमला कर दिया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक श्रीकांत चौधरी और हंसराज गुप्ता घायल हो गए।
घटना को लेकर पीड़ित कर्मियों ने छह नामजद दुकानदारों सहित अन्य अज्ञात पर मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

राजस्व निरीक्षक श्रीकांत चौधरी (निवासी: तपसडीह, गिरिडीह) ने बताया कि वे अपने सहयोगी हंसराज गुप्ता (निवासी: जाहमु, कोडरमा) के साथ नगर पंचायत प्रशासक के आदेश पर स्थायी और अस्थायी दुकानों का निबंधन कराने पहुंचे थे। इस दौरान छोले भटूरे दुकानदार दिलीप मंडल व उसकी पत्नी रूपा देवी ने मारपीट की। साथ ही मोबाइल चोरी का झूठा आरोप लगाकर, लोहे की रॉड और झंझरा (तेल झारने वाला औजार) से हमला किया गया। गर्म तेल फेंकने का प्रयास भी किया गया, लेकिन मौके पर मौजूद कांवरियों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।

मारपीट में राहुल कुमार पांडेय, पिकेश साह, शिवशंकर साह, पप्पू साह सहित कई अन्य दुकानदारों की भी संलिप्तता बताई गई है।
सूचना मिलने पर नगर पंचायत प्रशासक अजमल हुसैन घटनास्थल पर पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पीड़ितों ने जरमुंडी थाना में लिखित शिकायत दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








Comments