top of page

दुमका में ट्रकों की टक्कर में मिनी ट्रक चालक की मौत


दूसरे ट्रक का चालक और मिनी ट्रक में सवार पांच मजदूर भी घायल

दुमका। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेहराबांक गांव के पास रविवार की सुबह ट्रक और मिनी ट्रक आमने सामने टकरा गए। हादसे में मिनी ट्रक के चालक 28 वर्षीय विक्रम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे ट्रक का चालक सारठ निवासी शमशेर खां और मिनी ट्रक में सवार पांच मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों का मेडिकल कालेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपित चालक को हिरासत में लिया हे। मरने वाला विक्रम सरैयाहाट थाना क्षेत्र के चौनपुर का रहने वाला था और देवघर में रहकर ट्रक चलाता था।


देवघर से ट्रक में छड़ लादकर दुमका के लिए निकला था

बताया जाता है कि विक्रम देवघर से ट्रक में छड़ लादकर दुमका के लिए निकला। उसे छड़ शिकारीपाड़ा के पत्ताबड़ी में उतरना था। इसके लिए उसने दुधानी में कुरवा गांव के छोटू तूरी, विनोद तूरी, गणेश तूरी, जिया मिर्धा और धर्मा तूरी को बैठा लिया। जैसे ही मिनी ट्रक बेहराबांक के पास पहुंचा तो कोलकाता से मां काली ट्रांसपोर्ट का सामान लेकर आ रहे ट्रक ने सामने से दूसरे वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त था कि मिनी ट्रक के केबिन में बैठा चालक समेत सभी पांच मजदूर दब गए। वहीं दूसरे ट्रक का चालक भी फंस गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह से मजदूरों को बाहर निकाला।


गैस कटर की मदद से केबिन काटकर चालक को निकाला

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से केबिन काटकर चालक विक्रम को बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सभी घायलों को पुलिस ने इलाज के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें धर्मा तूरी की हालत गंभीर बनी हुई थी। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहन को बीच सड़क से हटाकर आवागमन चालू कराया।


नशे की हालत में चला रहा था ट्रक

दुमका। कोलकाता ट्रक का चालक शमशेर खां देवघर जिले के सारठ थाना क्षेत्र के केचुआबाद का रहने वाला है। जिस समय उसे अस्पताल लाया गया, वह नशे की हालत में था। उसका कहना था कि अचानक झपकी लेने की वजह से हादसा हो गया। मिनी ट्रक का मृत चालक विक्रम सिंह मूलरूप से सरैयाहाट के चौनपुर गांव का रहने वाला था। वह देवघर निवासी का वाहन चलाता था और कभी कभार ही अपने घर आता था। पोस्टमार्टम के बाद दो बच्चे के पिता का शव पुलिस ने स्वजन के सुपुर्द कर दिया।

 
 
 

Comments


Post: Blog2 Post

Address

Shiv Sundari Road, Dumka, Jharkhand 814101

Contact

+917717793803

Follow

  • Facebook
  • YouTube
  • Twitter

©2021 by Santhal Pargana Khabar. All Rights Reserved

bottom of page