Good News : शराब बंद करने की मांग को लेकर ग्रामीण पहुंचे थाना
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 6, 2025
- 2 min read

लताकांदर गांव में खुलेआम बेची जा रही है देसी शराब
दुमका। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड के लताकांदर गांव में शराब बन्द कराने की मांग को लेकर सौ से अधिक संख्या में ग्रामीण शनिवार को थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी के नाम एक आवेदन देकर यह जानकारी दी की हम लोगों ने इसी वर्ष 19 मार्च को सामुहिक रूप से यह निर्णय लिया था कि गांव में अवैध रूप से जो हंड़िया - दारु बनता है उसे पूर्ण रूप से बंद किया जाए। इसकी वजह यह है कि शराब पीकर लोग बेकाबू हो जाते हैं और घर से बाहर तक मारपीट करते हैं। जिससे आपसी सौहार्द बिगड़ रहा है।

शराब नाकर खुलेआम बेच रही है एक महिला
सभी गांव के लोग शराब बंदी का पालन कर रहे हैं लेकिन गांव की एक महिला नीलमुनि मोहलीन जो नीमचंद मोहली की पत्नी है वह खुलेआम शराब तैयार कर रही है और बेच रही है इससे पूरे गांव का माहौल बिगड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह मांग किया है कि नीलमुनि मोहलीन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों के शराबबंदी के खिलाफ दिए गए आवेदन में ग्राम प्रधान समेत काफी लोगों ने अपना हस्ताक्षर किया है। इधर शिकारीपाड़ा के थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि पहले नीलमुनि मोहलीन को समझाने का प्रयास किया जाएगा। अगर वह नहीं मानती है तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

शराब पीकर हंगामा करने के कारण काट दी थी जीभ
यहां उल्लेखनीय है कि इसी लताकांदर गांव में तीन दिन पूर्व 3 सितंबर को लालटू शेख नामक एक व्यक्ति की जुबान उस वक्त काट दी गई थी जब वह शराब पीकर हंगामा कर रहा था। इस मामले में परिवार के द्वारा चिन्हित महिला को पुलिस ने जेल भेजा है।अब जब इस तरह की बड़ी घटना गांव में सामने आ गई है तो सभी लोगों की यह इच्छा है कि लताकांदर गांव में पूर्ण रूप से शराबबंदी किया जाए









Comments