दुमका में करंट लगने से दादी की दर्दनाक मौत, गोद में मासूम पोती बाल-बाल बची
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 20, 2025
- 1 min read

दुमका। दुमका के गौशाला रोड मोहल्ले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना घटी। काली मंदिर के बगल में स्थित एक घर में मीरा देवी (दादी) नामक महिला पानी चलाने के लिए पंप का स्विच ऑन कर रही थीं। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पोती भी आई करंट की चपेट में
दुर्भाग्यपूर्ण घटना के समय मीरा देवी की गोद में उनकी डेढ़ वर्षीय पोती भी मौजूद थी। करंट का झटका पोती को भी लगा, मगर परिजनों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने मीरा देवी (60 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया, जबकि मासूम बच्ची का इलाज कर उसे खतरे से बाहर बताया गया।

परिजनों का फैसला और पुलिस की कार्रवाई
मृतका के बेटे प्रदीप यादव ने नगर थाना पुलिस को आवेदन देकर स्पष्ट किया कि वह अपनी मां का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहता। परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने शव को बिना पोस्टमार्टम किए ही सौंप दिया।

घटना से दुमका शहर सदमे में
इस घटना से मोहल्ले में शोक की लहर है। इस दुखद घटना में मासूम की मासूमियत ने एक उम्मीद बचा ली लेकिन उसकी दादी हमेशा के लिए चली गईं। पड़ोसियों का कहना है कि मीरा देवी मिलनसार और धार्मिक प्रवृत्ति की महिला थीं। पोती के सुरक्षित रहने को परिवार ईश्वर की बड़ी कृपा मान रहा है।





Comments