दुमका में करोड़ों की चोरी हंसडीहा स्थित मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल को चोरों ने किया खाली
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Dec 6, 2025
- 2 min read

हंसडीहा स्थित मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल से बड़े पैमाने पर अत्याधुनिक उपकरण चोरी होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक स्वास्थ्य कर्मी द्वारा जियोटैगिंग के दौरान टूटा ताला देखने के बाद मामले का खुलासा हुआ। अस्पताल के विभिन्न कमरों, वार्ड, ऑपरेशन थिएटर और पैथोलॉजी कक्ष में सभी ताले टूटे मिले और महंगे उपकरण गायब थे।

अस्पताल परिसर में पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल
घटना के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि जिस अस्पताल परिसर का उपयोग हंसडीहा पुलिस जब्त वाहनों को रखने और चुनाव के दौरान सुरक्षा बलों के ठहराव के लिए कर रही थी, उसी परिसर में इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही सीएस बीपी सिंह, एसडीपीओ अमित कच्छप और अन्य अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया।

लंबे समय से बंद अस्पताल, सुरक्षा व्यवस्था शिथिल
यह अस्पताल करोड़ों की लागत से तैयार होने के बावजूद वर्षों से बंद पड़ा था। डॉक्टर और स्टाफ की तैनाती नहीं होने से यहां कोई स्थायी सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं थी। स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल में न तो सुरक्षा गार्ड थे और न ही सीसीटीवी की प्रभावी निगरानी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

ऑक्सीजन प्लांट समेत महंगे उपकरण गायब
सूत्रों के अनुसार चोरी हुए सामानों में ऑक्सीजन प्लांट के उपकरण, एक्स-रे मशीन, पैथोलॉजी मशीनें, मल्टी-पैरामीटर मॉनिटर, अस्पताल बेड, फर्नीचर और कई इलेक्ट्रॉनिक मशीनें शामिल हैं। अनुमान है कि चोरी हुए उपकरणों की कीमत करोड़ों रुपये है। कोविड काल में ईसीएल द्वारा उपलब्ध कराए गए करीब चार करोड़ के उपकरण भी चोरी हो गए हैं।

मामले की जानकारी डीसी-एसपी को, जांच के आदेश
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने डीसी और एसपी को सूचित किया और पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए। प्रशासन यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि चोरी कब से हो रही थी और इसमें किसकी भूमिका हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकी, जांच की मांग तेज
स्वास्थ्य विभाग ने हंसडीहा थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। पुलिस अब सीसीटीवी, आसपास के मार्गों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि अस्पताल की सुरक्षा में हुई लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए




Comments