दुमका में चड्डी गिरोह ने डकैती की घटना को दिया था अंजाम, एफआईआर दर्ज

चड्डी में आए थे सभी नकाबपोश अपराधी, छह लाख के नगदी व आभूषण लूटे
दुमका। हंसडीहा शीतला मंदिर रोड में 21 जुलाई की रात हथियारों से लैस नकाबपोश अपराधियों के द्वारा आभूषण बनाने वाले दुकान संचालक के घर में डकैती का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अपराधियों के द्वारा नगदी सहितकरीब पांच से छह लाख रुपए के आभूषणों की लूटपाट की गई है। आभूषण बनाने वाले संजीत कुमार की दुकान हंसडीहा के ही दुर्गा मंदिर के सामने है। दुकान का सारा सामान वह रोजाना घर ले जाता था। सोमवार को भी वह दुकान बंद करने के बाद सारा सामान घर ले गया था। खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए थे। रात करीब एक बजे कुछ लोग उसके घर के पीछे के दरवाजे से अंदर घुसे और परिवार के सभी सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। अपराधी 9 की संख्या में थे और सभी मास्क पहने हुए थे।

पिस्तौल के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बना घटना को दिया था अंजाम
लूटपाट के दौरान जब गृह स्वामी ने विरोध किया तो अपराधियों ने उसकी पिटाई भी की। अपराधी बड़ी आसानी से पूरे परिवार को हथियार के बल पर बंधक बना घर में रखे आभूषण और नगदी को लेकर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई, जानकारी मिलते ही हंसडीहा पुलिस उसी समय घटनास्थल पर पहुंची और परिवार के के द्वारा अपराधियों के भागने की दिशा में काफी दूर तक खोजबीन की गई लेकिन अपराधियों का कुछ पता नहीं चला। मंगलवार को हंसडीहा सर्कल इंस्पेक्टर विशुन देव पासवान घटनास्थल पर पहुंच परिवार से घटना की जानकारी ली। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है।

वारदात से पहले रेकी कर बनाई गई होगी पूरी प्लानिंग
आभूषण बनाने वाले दुकानदार दुकान से रोजाना सामान घर ले जाते हैं शायद इसकी जानकारी अपराधियों को होगी। साथ ही अपराधियों को यह भी पता था कि उसके घर में पीछे के दरवाजे से आसानी से प्रवेश किया जा सकता है। वारदात से पहले रेकी कर पूरी प्लानिंग बनाई गई होगी। अपराधी पैदल आए थे और पैदल ही वापस गए। शायद इस लूट की घटना को किसी स्थानीय गिरोह ने अंजाम दिया होगा या फिर किसी परिचित के द्वारा लुट करवाई गई होगी। बहरहाल अब देखना यह होगा कि पुलिस कब तक इस लूटकांड से पर्दा उठा पाती है।




Comments