आदिम जनजातीय समुदाय की बबीता कुमारी ने जेपीएससी परीक्षा में हासिल किया 337वां रैंक, उपायुक्त से की शिष्टाचार भेंट
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Jul 26, 2025
- 1 min read

दुमका। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 में 337वां रैंक प्राप्त कर चयनित हुई दुमका की बेटी बबीता कुमारी ने शुक्रवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उपायुक्त ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और जिले का नाम रोशन करने पर बधाई दी।
बबीता कुमारी दुमका प्रखंड के आसनसोल पंचायत की निवासी हैं और आदिम जनजातीय समुदाय से ताल्लुक रखती हैं। उनकी इस उपलब्धि को जिले में गर्व और प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है, खासकर उन युवाओं के लिए जो सामाजिक या आर्थिक रूप से वंचित पृष्ठभूमि से आते हैं।

उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने इस अवसर पर कहा, "बबीता की सफलता यह दर्शाती है कि कठिन परिश्रम, लगन और संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि निश्चित रूप से आदिवासी और पिछड़े वर्गों के युवाओं के लिए मार्गदर्शक है।"
बबीता कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और सतत परिश्रम को देते हुए कहा कि वे प्रशासनिक सेवा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी सेवा पहुँचाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव लाने का उनका सपना अब और भी मजबूती से आगे बढ़ेगा।

उपायुक्त ने बबीता को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वे प्रशासनिक कार्यों में समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करेंगी।





Comments