जामताड़ा में सयैरा फिल्म जैसी घटना ने दहला दिया इलाका
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Sep 22, 2025
- 2 min read

प्रेम विवाह के बाद भी नहीं थमी कलह, पत्नी का गुस्सा बना जानलेवा
जामताड़ा। जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यह घटना फ़िल्म ‘सयैरा’ के उस सीन की याद दिलाती है, जहाँ गुस्से और अविश्वास में रिश्ते खून से लाल हो जाते हैं। प्रेम विवाह के बाद भी रिश्तों में दरार और फिर हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। आपसी विवाद में पत्नी ने अपने पति की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुर्मीपाड़ा इलाके की है।

पति की चाकू घोंप कर दी हत्या, लिपटकर रोने लगी
मृतक की पहचान महावीर यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर थे। पुलिस के मुताबिक महावीर यादव ने काजल देवी से प्रेम विवाह किया था। कुछ दिनों से दोनों के बीच अनबन चल रही थी। रविवार रात भी विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर पत्नी ने पति की छाती में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पति की मौत होने के बाद वह उससे लिपट कर रोने लगी। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने कहा कि मामला पूरी तरह से पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बड़े भाई और पत्नी के साथ पी थी शराब
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि मृतक रविवार शाम ट्रक को बेसिक स्कूल के पास पार्क कर गांव से आये बड़े भाई अवधेश यादव के साथ कुर्मीपाड़ा स्थित भाड़े के मकान में पहुंचे। जहां बड़े भाई और पत्नी के साथ मिलकर महावीर ने शराब पी। भाई अवधेश कमरे में ही लेट गया, दोनों पति पत्नी बाहर आकर आपस में किसी बात को लेकर झगड़ पड़े। इतने में तैश में आकर पत्नी ने पति के सीने पर चाकू से वार कर दिया। घटना में महावीर कि मौत हो गई। सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से चाकू और लहूलुहान कपड़े बरामद किये गये है।

चार साल पहले झाड़ु से फोड़ दी थी पिता की एक आँख
मृतक के पिता रामसुबोध यादव ने बताया कि करीब 14 साल पहले थाने में दोनों की जबरन उनकी शादी कराई गई थी। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि चार साल पहले काजल ने शराब के नशे में झाड़ू की सींक से उनकी बाईं आंख फोड़ दी थी। पिता के मुताबिक, पति-पत्नी अक्सर झगड़ा करते थे और शराब पीते थे। इसी आदत के कारण उनके बीच रिश्तों में तनाव बढ़ता गया। परिजनों का आरोप है कि काजल का स्वभाव पहले से ही झगड़ालू था। वह अक्सर मारपीट करती थी।

बेटी हुई अनाथ, ससुराल और मायका दोनों में तनाव
घटना के बाद दंपती की 7 वर्षीय बेटी बेसहारा हो गई है। काजल के पिता सूरज उर्फ पप्पू साव ने भी स्वीकार किया कि उन्होंने कई बार दोनों को शराब पीने से मना किया, लेकिन वे नहीं माने। अब इस हत्या की वारदात से दोनों परिवारों में तनाव की स्थिति है।





Comments