मिट्टी की पिलर गिरने से दो वर्षीय आदिवासी बालक की दर्दनाक मौत
- SANTHAL PARGANA KHABAR
- Aug 16, 2025
- 2 min read

मां भोजन पका रही थी पास में बैठा था बेटा कि अचानक हुआ हादसा
दुमका। मसलिया थाना क्षेत्र के गोलबंधा पंचायत अंतर्गत हथियापाथर गांव के रस्सी टोला में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। मिट्टी की पिलर गिरने से दबकर मात्र दो वर्षीय आदिवासी बालक की मौत हो गई।
मृतक बालक की पहचान ओबीधान किस्कू के एकलौते पुत्र अभिषेक किस्कू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुबह लगभग 7 बजे उसकी मां सुरुबली मुर्मू चाली में भोजन बना रही थीं। इसी दौरान पास में बैठा उनका पुत्र अचानक गिरे मिट्टी के पिलर की चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

परिवार की स्थिति काफी दयनीय बताई जा रही है। पिता ओबीधान किस्कू ने बताया कि उनके परिवार में पत्नी व दो बेटियों सहित पाँच सदस्य हैं, जो आज भी मिट्टी के कच्चे घर में रह रहे हैं। अब तक उन्हें किसी भी आवास योजना का लाभ नहीं मिला है।
इस संबंध में पंचायत की मुखिया मीनू हांसदा से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी तो है लेकिन किस टोला में हुआ, इसकी पुष्टि उन्हें नहीं है। आवास योजना को लेकर उन्होंने कहा कि पंचायत में आवास निर्माण की प्रक्रिया जारी है और सूची जैसे-जैसे ऊपर से मिल रही है, उसी आधार पर आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं।

वहीं, मसलिया प्रखंड के बीडीओ मो. अजफर हसनैन ने मुखिया की बातों को खारिज करते हुए बताया कि “सरकार आपके द्वार” अभियान के तहत 2024 में पंचायत स्तर पर सर्वे कर पात्र लाभुकों की सूची बनाई गई थी। इसी सर्वे के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना और अबुवा आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मृतक बालक के दादा को पहले ही आवास का लाभ मिल चुका है और पिता का नाम भी सर्वे में दर्ज है।




Comments